
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 23 मई। हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड पंचकुला के अध्यक्ष रणदीप सिंह जौहर के दिशानिर्देशों एवं सदस्य सचिव अतुल सरिस्कार के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय जैव विविधता दिवस के उपलक्ष्य में राजकीय माध्यमिक विद्यालय ग्राम सुल्तानपुर (ब्लॉक फरुखनगर) में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, चित्रकला व रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मकता के माध्यम से जैव विविधता संरक्षण का संदेश दिया। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले 30 विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य आलोक कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए जैव विविधता के महत्व और पर्यावरण संरक्षण में वृक्षों एवं वन्य जीवों की भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण करने का आह्वान किया।
इस दौरान हरियाणा राज्य जैव विविधता बोर्ड के जिला समन्वयक अशुल लाकड़ा ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। उन्होंने जैव विविधता प्रबंधन समिति के गठन, पीपुल्स बायोडायवर्सिटी रजिस्टर तथा जैव विविधता संरक्षण की रणनीतियों पर विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।