Bilkul Sateek News
नूंह, 9 जनवरी। नूंह जिले के आकेड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांव मेवली में 6 जनवरी को हुई हत्या के मामले में नूंह पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी रॉबिन पुत्र तौफिक को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को सिकरावा मोड़ भादस इलाके से रॉबिन को दबोचा। फिलहाल आरोपी को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारी है।
तावड़ू डीएसपी अभिमन्यु लोहान ने बताया कि राजस्थान निवासी इस्माइल का पुत्र अजरू खान अपने एक साथी के साथ बाइक पर जा रहा था। गांव मेवली में पहल ही ताक में बैठे आरोपियों ने अजरू को देखते ही उसे ललकारते हुए उसपर लाठी-डंडे और फरसे हमला कर दिया। जिसमें अजरू खान खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। मौके पर काफी लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद आरोपी धमकी देते हुए भाग निकले। जाते-जाते हमलावरों ने धमकी दी कि यदि कानूनी कार्रवाई की तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे। घायल अजरू खान को तुरंत मेडिकल कॉलेज नल्हर ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसको गंभीर हालत में सवाई मानसिंह अस्पताल जयपुर रेफर कर दिया गया। वहां इलाज के दौरान अजरू खान की मौत हो गई। पुलिस ने अजरू खान के रिश्तेदार मेवली निवासी जावेद के बयान पर मामला दर्ज किया।




