
Shot from a gun comic style. Attack bullet attack. Pop art retro illustration
परिजनों ने कहा, किसी से दुश्मनी नहीं
हमलावरों ने किया थाने तक पीछा
युवक की नहीं हुई शादी
कैथल,15 जनवरी ।कैथल में कुछ युवाओं ने आज सुबह क्रिकेट खेलने जा रहे युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं, उसे चार गोलियां लगी हैं। हमलावर युवक पीछा करते हुए थाने तक पहुंचे, लेकिन पुलिस को देखकर वे वहां से भाग गए। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। युवक को बांह, कूल्हे और जांघ में गोली लगी है। घायल युवक की पहचान पाई गांव निवासी सचिन (25) के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों के मुताबिक गोली मारने वाले एक ही गांव के रहने वाले हैं। उनसे कोई दुश्मनी नहीं थी।
पुलिस को दिए बयान में घायल सचिन ने बताया कि वह सुबह करीब 11 बजे गांव के पास एक मैदान में क्रिकेट खेलने जा रहा था। इसी दौरान साहिल, सोनू व अन्य युवक कार में आए। आते ही उन्होंने उस पर गोलियां चला दीं और मौके से भाग गए। हमलावरों में से दो के पास अवैध पिस्तौलें थीं। गोली लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा। वहां भीड़ एकत्र हो गई। लोगों ने घायल युवक के परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले जाने लगे। अस्पताल के रास्ते में एक पुलिस स्टेशन है। परिजन उसे पहले थाने ले गए। इसी बीच पता चला कि अपराधी उसका पीछा कर रहे थे, लेकिन पुलिस को देखते ही भाग गए।
युवक के चाचा ओमप्रकाश ने बताया कि सचिन क्रिकेट खेलने केवीएम स्कूल जा रहा था। हमलावर रास्ते में घात लगाए बैठे थे। जब सचिन मुख्य सड़क से स्कूल की ओर मुड़ा तो हमलावरों ने पीछे से सचिन की बाइक में टक्कर मार दी। इसके बाद जब सचिन भागने लगा तो उन्होंने उस पर गोली चला दी।
उन्होंने बताया कि दो लोगों ने गोली चलाई है। हमलावर एक ही गांव के रहने वाले हैं। उससे पहले कभी कोई विवाद नहीं हुआ था। पूंडरी थाना एएसआई संदीप कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। युवक को इलाज के लिए चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, सचिन एक किसान हैं। उन्होंने अभी तक शादी नहीं की है। घर में माता-पिता के अलावा एक बहन भी है। इस घटना के बाद सचिन का पूरा परिवार डरा हुआ है।