
जिमखाना क्लब सेक्टर-29 के मैदान में होगा कार्यक्रम
गुरुग्राम, 17 जनवरी। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज गुरुग्राम में 19 जनवरी को आएंगी। इस दिन एक विशाल निरंकारी संत समागम प्रातः 11:30 बजे से दोपहर बाद 2:30 बजे तक जिमखाना क्लब सेक्टर-29 के मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में गुरुग्राम की संयोजक बहन निर्मल मंचचंदा ने बताया कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के पावन
सानिध्य में सेक्टर-29 के विशाल मैदान में संत निरंकारी मिशन का सेवादल एवं साध संगत के सदस्य श्रद्धा और उत्साह के साथ समागम की तैयारी में लगे हैं। उन्होंने आगे बताया कि संत निरंकारी मिशन एक आध्यात्मिक विचारधारा है। निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज का यह संदेश है कि मानव जीवन का असली उद्देश्य निरंकार प्रभु परमात्मा की जानकारी प्राप्त कर जाति-पाति, ऊंच-नीच के भेदभाव को मिटाकर मानवता की सेवा करना है। जब इंसान को ब्रह्मज्ञान द्वारा अपने मूल रूप परमात्मा की पहचान हो जाती है तब उसको हर कण तथा हर प्राणी में प्रभु निरंकार का अहसास होने लगता है। उसमें स्वयंमेव ही सदगुणों का विकास होने लगता है। सामाजिक जिम्मेदारियों को भी सहजता से निभा सकते हैं। मिशन सभी व्यक्तियों को आपसी प्रेम, एकता, अमन, शांति और भाईचारा बनाने की प्रेरणा देता है। निंरकारी संत इसी प्रेरणा को अपना कर केवल मानव बनकर मानव मात्र के लिए कल्याण कार्य कर रहे हैं। इस संत समागम में गुरुग्राम, फरीदाबाद, दिल्ली तथा आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु सज्जन एवं भक्तजन पहुंचेंगे। यह समागम विभिन्नता में एकता का परिचायक होगा तथा सभी मानव एक साथ बैठ कर निराकार प्रभु का गुणगान करेंगे। उन्होंने इस अवसर पर गुरुग्राम व आसपास के श्रद्धावान भक्तों को आमंत्रित किया है। कोई व्यक्ति किसी जाति, राष्ट्रीयता एवं धर्म स्थिति पर है, उसका इस सत्संग – समागम में स्वागत है। वे आएं एवं अपनी भावनाओं को अर्पित करें और सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के सान्निध्य में मानवीयता को अपनाकर अपने जीवन को सफल बनाएं।
उल्लेखनीय है कि निरंकारी मिशन अध्यात्मिकता के साथ साथ समाज के कार्य जैसे रक्तदान शिविर, सफाई अभियान, प्राकृतिक आपदाओं के समय राहत शिविर, पौधरोपण आदि समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेता है।