Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 25 अक्टूबर। गुरुग्राम पुलिस ने पुश्तैनी जमीन के रास्ते पर विवाद के चलते आपसी लड़ाई झगड़े में दो पक्षों द्वारा एक दूसरे पर जानलेवा हमला करने के मामले में दोनों पक्षों के 3-3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस थाना भोंडसी को कल दो सूचना मरेनगों हॉस्पिटल सेक्टर-57 और स्वस्तिक हॉस्पिटल सेक्टर-57 में कुछ लोगों के लड़ाई-झगड़े में घायल होकर भर्ती होने के संबंध में प्राप्त हुई थी। पुलिस तुरंत मरेनगों व स्वस्तिक अस्पताल सेक्टर-57 पहुंची और पीड़ितों की MLR प्राप्त करके उनके पास पहुंची। वहां पर दोनों पक्षों की तरफ एक-एक लिखित शिकायत पुलिस को दी गई।
मरेनगों अस्पताल में भर्ती पहले पक्ष के पीड़ित रवींद्र निवासी गांव कादरपुर की ढाणी जिला गुरुग्राम (हरियाणा) ने एक लिखित शिकायत में बताया कि 23 अक्टूबर को वह अपने घर में था तभी रात करीब 9.30 बजे समित, अमित, सतपाल, दीपक, अवतार व अन्य 25 लोग उसके घर में घुसकर लाठी डंडों व अन्य हथियारों से उनके साथ मारपीट करने लगे और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। जिसमें उसके परिवार के 7 सदस्य घायल हो गए।
वही स्वस्तिक अस्पताल में भर्ती दूसरे पक्ष के घायल मोहित निवासी कादरपुर झील की डाणी, जिला गुरुग्राम (हरियाणा) ने एक लिखित शिकायत में बताया कि उस रात करीब 9 बजे उसका दोस्त उसके घर पर आया हुआ था और वापस जाने लगा तब संतरा और गोकुल ने उसके दोस्त की गाड़ी रुकवाकर उसको गाली देने लगे। फिर उसका दोस्त हाथ जोड़कर चला गया। फिर उसका भाई राहुल ड्यूटी से आया तब प्रिंस, रवि, राजेंद्र ने राहुल के सिर में फावड़ा मारा और करीब अन्य 25 लोग और वहां आ गए और उसके परिवार के लोगों को बुरी तरह मारा तथा उनको जान से मारने की धमकी दी।
प्राप्त दोनों शिकायतों पर पुलिस थाना भौंडसी में संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग 2 मामले दर्ज किए गए।
पुलिस ने आज दोनों मामलों में गांव कादरपुर झील की ढाणी से 6 आरोपियों कंवर सिंह (उम्र-54 वर्ष), टिंकू (उम्र-23 वर्ष), मोहित (उम्र-28 वर्ष), रवींद्र (उम्र-40 वर्ष), भारत (उम्र-21 वर्ष) और विपिन (उम्र-24 वर्ष) सभी निवासी गांव कादरपुर झील की डाणी जिला गुरुग्राम (हरियाणा) को गिरफ्तार कर लिया।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि दोनों पक्ष आपस में एक ही परिवार के है और इनकी पुश्तैनी जमीन के जाने वाले रास्ते को लेकर कई दिन से इनके बीच कहासुनी चल रही थी। जिसके चलते दोनों पक्षों के बीच मारपीट हुई।
पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर रही है। पुलिस पूछताछ में जो भी तथ्य समक्ष आएंगे, उनके अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।



