Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 27 जनवरी। फरीदाबाद पुलिस ने भारतीय रिजर्व बैंक का अधिकारी बनकर करीब 1 करोड़ 90 लाख 78 हजार 699 रुपये की ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 51 वर्षीय अमित शकुजा निवासी टैगोर गार्डन वेस्ट दिल्ली के रूप में हुई है, जिसकी वेस्ट दिल्ली में ज्वेलरी की दुकान भी है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने ठग गिरोह को अपने नाम से खोले गए फर्म अकाउंट उपलब्ध कराए, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम को ट्रांसफर करने के लिए किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से करीब 30 लाख रुपये अलग-अलग बैंक खातों में होल्ड भी करवा दिए हैं।
सेक्टर-29 निवासी पीड़ित कमल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 6 दिसंबर 2025 को उसके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एयरटेल हेडक्वार्टर गुरुग्राम का कर्मचारी बताते हुए वाई-फाई कनेक्शन बंद करने की बात कही। कुछ देर बाद पीड़ित के व्हाट्सएप पर दूसरी कॉल आई, जिसमें कॉलर ने खुद को RBI का अधिकारी बताया। RBI अधिकारी बनकर ठग ने पीड़ित को डराते हुए कहा कि उसके बैंक खाते और एफडी की जांच की जा रही है और RBI पोर्टल के निर्देशानुसार बताए गए खातों में पैसा ट्रांसफर करना जरूरी है। ठगों के झांसे में आकर पीड़ित ने RTGS के जरिए कई ट्रांजैक्शन कर कुल 1.90 करोड़ रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद जब रकम वापस नहीं मिली तो उसे ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अमित शकुजा ने वीएस ज्वेलर्स के नाम से फर्म अकाउंट खुलवाया था, जिसे ठग गिरोह ने ठगी की रकम को आगे ट्रांसफर करने के लिए इस्तेमाल किया। आरोपी के खाते में ठगी की रकम में से करीब 10 लाख रुपये आए थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है। ठगी गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।



