Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 30 दिसंबर। पुलिस आयुक्त गुरुग्राम विकास अरोड़ा के निर्देशानुसार तथा पुलिस उपायुक्त (पूर्व) के कुशल मार्गदर्शन में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से गुरुग्राम पुलिस द्वारा निरंतर सघन कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 28.12.2025 को पुलिस थाना सुशांत लोक की पुलिस टीम द्वारा सेक्टर-42/43 मेट्रो स्टेशन के समीप स्थित फ्लैक्स हाउस होराइजन वन होटल, सेक्टर-43 में चेकिंग के दौरान यह पाया गया कि होटल में 4 विदेशी नागरिकों को बिना सी-फॉर्म एवं बिना आवश्यक अनुमति के ठहराया गया है।
जांच के दौरान होटल प्रबंधन से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई, जिसमें होटल मैनेजर द्वारा विदेशी नागरिकों के ठहराव की सूचना नियमानुसार पुलिस को नहीं दी गई थी। इसके अलावा सी-फॉर्म भी भरा नहीं गया था। इस संबंध में पूछताछ करने पर आरोपी होटल मैनेजर पुलिस को कोई संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सका।
उक्त तथ्यों के आधार पर थाना सुशांत लोक में संबंधित धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी की पहचान जितेंद्र कुमार निवासी गांव नैनवालपुर जिला नैनीताल (उत्तराखंड) के रूप में हुई।
गुरुग्राम पुलिस द्वारा होटल संचालकों/प्रबंधकों को पुनः निर्देश देती है कि वे अपने होटल, गेस्ट हाउस, होम-स्टे आदि में ठहरने वाले विदेशी नागरिकों का सी-फॉर्म समय पर भरना एवं ठहराव की सूचना संबंधित थाना पुलिस को अनिवार्य रूप से देना सुनिश्चित करें, अन्यथा नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



