
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 5 मई। फरीदाबाद के नीलम फ्लाईओवर के पास स्थित गोलचक्कर पर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब देर रात कुछ शरारती तत्वों ने देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को निशाना बनाया। प्रतिमा पर नीले रंग की स्प्रे पेंट और भूरे रंग की पेंट फेंककर उसे पूरी तरह से गंदा कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना एनआईटी पुलिस मौके पर पहुंची और प्रतिमा को साफ करवाने का कार्य शुरू किया गया। वहीं, इस शर्मनाक हरकत के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं में रोष देखा गया।
जानकारी के अनुसार, नीलम फ्लाईओवर के गोलचक्कर पर दो मूर्तियां स्थापित हैं। इनमें से एक पंडित जवाहरलाल नेहरू की और दूसरी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की। लेकिन निशाना केवल नेहरू की प्रतिमा को बनाया गया। अज्ञात लोगों ने रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए नीले रंग की स्प्रे पेंट और ब्राउन पेंट से नेहरू की प्रतिमा को बिगाड़ने की कोशिश की।
थाना एनआईटी प्रभारी पूनम ने बताया कि हमें जैसे ही सूचना मिली, हम तत्काल मौके पर पहुंचे। प्रतिमा पर नीले और भूरे रंग का पेंट फेंका गया था। स्थानीय लोगों की मदद से प्रतिमा को साफ करवाया गया है। हमने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है, ताकि इस हरकत को अंजाम देने वालों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की जांच की जाएगी और दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस हरकत के पीछे किसी का हाथ है या यह व्यक्तिगत शरारती तत्वों की करतूत है।