
फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में दिनदहाड़े महिला डॉक्टर की हत्या
एंबुलेंस चालक पति और देवर पर हत्या का आरोप
चाकुओं से गोदकर की गई हत्या
10 घंटे तक क्लीनिक में पड़ी रही लाश
पति से अलग रह रही थी डॉक्टर
ससुराल वाले दे रहे थे लगातार हत्या की धमकी
परिजनों ने पुलिस पर भी लगाया आरोप
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 27 मार्च। बल्लभगढ़ स्थित विष्णु कॉलोनी में दिनदहाड़े एक महिला डॉक्टर की निर्मम हत्या कर दी गई। 38 वर्षीय डॉ. प्रियंका की उनके क्लीनिक के ऊपर स्थित कमरे में चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि लाश करीब 10 घंटे तक कमरे में पड़ी रही, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। जब रात को परिजन क्लीनिक पहुंचे, तो कमरे में खून से लथपथ लाश देखकर उनके होश उड़ गए। हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। परिजनों ने ससुराल पक्ष पर सीधा-सीधा इस हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस का कहना है कि ससुराल पक्ष पर लगे हत्या के आरोपों की जांच की जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार प्रियंका की शादी 2010 में हुई थी, लेकिन पारिवारिक विवाद के चलते वह पिछले चार साल से बल्लभगढ़ में किराए के मकान में रहकर अपना क्लीनिक चला रही थी। उसका पति भगत सिंह सेक्टर-16 में डायल 112 की गाड़ी पर चालक है।
छोटी बहन पूजा ने प्रियंका की हत्या के लिए अपने जीजा भगत सिंह और अपने पति लख्मीचंद को जिम्मेदार ठहराया है। पूजा की शादी डॉ. प्रियंका के देवर से हो रखी है। पूजा ने बताया कि प्रियंका का पति उसे लगातार धमकियां दे रहा था और कहता था, एक हत्या करूं या दो, सजा तो उतनी ही मिलेगी।
पूजा ने बताया कि प्रियंका को कई दिनों से धमकियां मिल रही थीं, जिसकी शिकायत आदर्श नगर थाने में पहले ही दर्ज कराई गई थी। लेकिन पुलिस ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।
परिजनों ने बताया कि उन्होंने प्रियंका से सुबह 11 बजे फोन पर बात की थी। इसके बाद बार-बार कॉल करने पर भी फोन बंद मिला। परेशान होकर जब वे बल्लभगढ़ पहुंचे, तो पहले सेक्टर-12 कोर्ट अपने जानकार के पास गए और फिर पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम क्लीनिक पर पहुंची, लेकिन ऊपर जाकर देखने की जरूरत नहीं समझी और यह कहकर चले गए कि प्रियंका वहां नहीं हैं। जब रात 9 बजे परिजन खुद क्लीनिक पहुंचे और ऊपर जाकर देखा, तो प्रियंका की लाश बेड के किनारे पड़ी थी। पूरे कमरे में खून बिखरा हुआ था। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद जांच शुरू हुई।
वहीं, आदर्श नगर थाने के एसएचओ हरिकिशन ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि हत्या किस समय हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। फिलहाल परिजनों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और आरोपियों की तलाश जारी है।