Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 10 दिसंबर। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (HCMSA) द्वारा दो दिवसीय हड़ताल के बाद अब डॉक्टरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। हड़ताल तीसरे दिन में पहुंचते ही मरीजों में संशय की स्थिति बन गई, लेकिन जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी कीमत पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित नहीं होने दी जाएंगी। जिले में कुल 141 डॉक्टर हैं, जिनमें से 36 डॉक्टर हड़ताल में शामिल बताए जा रहे हैं। बीके अस्पताल में 54 डॉक्टरों में से कुछ हड़ताल पर चले गए, जिस पर प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अमृता अस्पताल से बुलाए गए 16 डॉक्टरों में से 5 को ड्यूटी पर तैनात किया।
स्थिति की निगरानी के लिए एसडीएम त्रिलोक चंद ने अस्पतालों के तीन दौरे किए और ओपीडी का निरीक्षण किया। आम दिनों में 2,000 से 2,500 मरीज ओपीडी में पहुंचते हैं, लेकिन हड़ताल के चलते यह संख्या घटकर 1,500 रह गई है। सीएमओ डॉ. जयंत अहूजा ने जानकारी दी कि वास्तविक रूप से केवल 6 डॉक्टर ही हड़ताल पर हैं और इसे सफल नहीं होने दिया जाएगा। अस्पताल में सभी सेवाएं नियमित रूप से चल रही हैं, जबकि मशीनरी में आया ब्रेकडाउन जल्द ठीक किया जा रहा है।
इधर हड़ताली डॉक्टरों से लगातार बातचीत जारी है। कुछ डॉक्टर ड्यूटी पर लौट आए हैं और कुछ रास्ते में हैं। वहीं कुछ डॉक्टरों का कहना है कि हड़ताल बिना चर्चा और सभी मुद्दों को शामिल किए बिना घोषित की गई, इसलिए कई डॉक्टर इससे दूर रहे। कुछ डॉक्टर रिटायरमेंट के करीब होने के कारण हड़ताल में शामिल नहीं हुए। प्रशासन का दावा है कि मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी और स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से चलती रहेंगी।



