
गुरुग्राम: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी आज सुबह अचानक गुरुग्राम स्थित कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के घर पहुंचे। उनके इस दौरे को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। मुख्यमंत्री नायब सैनी राव नरबीर सिंह को उनके पौत्र के जन्म पर बधाई देने पहुंचे थे। उन्होंने नवजात को आशीर्वाद दिया और परिवार के साथ करीब 45 मिनट तक समय बिताया।
इस दौरान गुरुग्राम नगर निगम चुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। खासकर पार्षदों के टिकट वितरण पर मंथन किया गया। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में यह भी चर्चा हुई कि राव नरबीर सिंह के कई समर्थकों के टिकट काटे गए हैं।
मुख्यमंत्री के इस दौरे को राजनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि पार्षदों के टिकट वितरण को लेकर असंतोष को शांत करने और पार्टी की रणनीति को मजबूत करने के लिए यह बैठक हुई।
गुरुग्राम में आगामी निकाय चुनाव को देखते हुए भाजपा की आंतरिक गुटबाजी और समीकरणों पर भी चर्चा की गई। अब देखना होगा कि पार्टी में इस बैठक के बाद क्या नए बदलाव देखने को मिलते हैं।