Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 25 अक्टूबर। गुरुग्राम में कल रात दो पक्षों के बीच गली को लेकर जमकर बवाल हुआ। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जमकर लाठियां भांजी। जिसमें एक पक्ष के आठ और दूसरे पक्ष के दो लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भौंडसी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर अलग अलग fir दर्ज कर ली है। दोनों मामलों में 20 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 15 से 20 अन्य शामिल हैं।
मामला कादरपुर ढाणी गांव का है। यहां के निवासी रविंद्र व भारत ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाला एक परिवार जबरदस्ती उनकी जमीन से रास्ता बना रहा है। इसी को लेकर उनका विवाद चल रहा था। शुक्रवार को दादी संतरा देवी ने बाहरी लोगों को इस रास्ते पर आने से मना कर दिया। इस पर ताऊजी ने कुछ लोगों को बुलाकर दादी पर हाथ उठाया। भारत ने आगे बताया कि हमने दादी, दादा और भाई को थाने भेज दिया। इसके बाद रात करीब साढ़े 9 बजे सुमित, अमित, सतपाल, दीपक, अवतार, डालचंद, सत्ते, मिंटू, मोहित, राहुल, कुलदीप समेत कई अन्य लोग लाठी डंडों से लैस होकर आए और उन पर हमला कर दिया।
युवक ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष ने हमें पिटवाने के लिए बाहर से आपराधिक टाइप के लोग बुलाए थे। उसने बताया कि बचाव में उन्होंने भी उनको खदेड़ने का प्रयास किया, लेकिन उनकी संख्या ज्यादा थी। इस हमले में पिता राजेंद्र दायमा, चाचा रविंद्र, भाई विपिन, मां मुकेश, चाची मुनेश, भाई प्रिंस और दादी संतरा देवी को चोट आई हैं। पिता राजेंद्र और भाई प्रिंस की हालत गंभीर है।
भारत ने बताया कि हमारे पास पूरी घटना का वीडियो है। वह पर्सनल रास्ता है। मेरे पिता ICU में हैं। मैं न्याय की गुहार लगाता हूं। हमें जानवरों की तरह पीटा गया। महिलाओं पर भी लाठियां बरसाई गईं। परिवार के कुछ लोग बेहोश हो गए, फिर भी आरोपी लाठियां मारते रहे। मैं प्रशासन से न्याय दिलाने की मांग करता हूं। उसने बताया कि उनके परिवार की महिलाओं ने रोते हुए आरोपियों से छोड़ने की मांग की थी।
घटना का एक 1 मिनट 37 सेकेंड का वीडियो सामने आया है, इसमें कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लिए एक घर की ओर बढ़ते हुए दिखाई देते हैं। तभी एक आवाज आती है, “आने दो, आने दो।” इसके बाद दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लाठियां बरसाना शुरू कर देते हैं। कुछ महिलाएं भी बीच में दिखाई देती हैं, जो बीच-बचाव करने की कोशिश कर रही हैं।
तभी घर के बाहर एक युवक जमीन पर गिर जाता है। कुर्ता-पजामा पहने एक व्यक्ति उस पर लगातार डंडे बरसाता है। पास खड़ी एक युवती वीडियो बनाते हुए बचाने की गुहार लगा रही है। कुर्ता पहने युवक दूसरे पर लाठियां बरसाने लगता है, तो जमीन पर गिरा युवक उठकर उस पर हमला कर देता है। फिर दोनों आमने-सामने हो जाते हैं।
कुछ दूरी पर अन्य युवक एक युवक को जमीन पर गिराकर लाठियों से पीट रहे हैं। तभी एक महिला रोते हुए आती है और बचाने की गुहार लगाती है। कुछ महिलाएं हमला कर रहे युवकों को दूर करने की कोशिश करती दिखती हैं। महिलाएं हमलावरों को अपने साथ ले जाती हैं। इसके बाद घर के बाहर महिला और कुछ लोग खून से लथपथ हालत में पड़े हुए दिखाई देते हैं।
उधर, भौंडसी थाने के SHO सुरेंद्र ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से लिखित में शिकायत मिली थी। जिसके आधार पर लड़ाई झगड़ा ओर चोट पहुंचाने से संबंधित धाराओं के तहत दो अलग-अलग FIR दर्ज की गई हैं। अभी दोनों पक्ष के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है।



