
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम: गुरुग्राम में एक बार फिर प्रवर्तन निदेशालय (ED) का एक्शन देखने को मिला। ED ने राष्ट्रीय जलविद्युत विद्युत निगम (NHPC) में मुख्य महाप्रबंधक (वित्त) के पद पर रहते हुए हरजीत सिंह पुरी की अर्जित की गई संपत्त्यिों को जब्त किया गया है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत की गई। इन संपत्तियों की कीमत 47 लाख रुपये हैं।
हरजीत सिंह पुरी ने राष्ट्रीय जलविद्युत विद्युत निगम (NHPC) में मुख्य महाप्रबंधक (वित्त) के पद पर रहते हुए अपने पद और अधिकारों का दुरुपयोग कर अवैध संपत्तियां अर्जित की थी। उन्होंने भ्रष्टाचार और रिश्वत के माध्यम से आय अर्जित की और अपनी आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्तियां जुटाई।
ED से मिली जानकारी के अनुसार जब्त सम्पत्ति फरीदाबाद और लुधियाना में है, जो हरजीत सिंह पुरी और उनकी पत्नी अरविंदरजीत कौर के नाम पर हैं। ईडी ने यह जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) की तरफ से दर्ज एक मामले के आधार पर शुरू की है।
इसके अनुसार हरजीत सिंह पुरी और उनकी पत्नी पर आय के ज्ञात स्रोतों से आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है। ED के मुताबिक इनकी अघोषित सम्पत्ति करीब 1.04 करोड़ रुपये है। फिलहाल इस मामले में हरजीत सिंह पुरी को राहत नहीं मिलने वाली है। ईडी मामले की जांच कर रही है। माना जा रहा है कि उनकी दूसरी संपत्तियां भी जब्त की जा सकती हैं।