
मोदी के नेतृत्व में सुशासन का नया युग की शुरुआत
वाजपेयी सरकार ने देश में विकास के कई कीर्तिमान स्थापित किए
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 6 अप्रैल। भाजपा का 46वां स्थापना दिवस आज पार्टी कार्यालय गुरुकमल में धूमधाम से मनाया गया। जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी एवं कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार ने कार्यकर्ताओं के साथ कार्यालय में ध्वजारोहण कर विकसित भारत, विकसित हरियाणा बनाने का संकल्प लिया। पंवार ने सभी कार्यकर्ताओं को भाजपा के स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामना दी। पंवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र सर्वाेपरि का संकल्प लेकर भारत को विकसित एवं विश्व गुरू बनाने के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। इस मौके पर पंवार ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल विहारी वाजपेयी को भारतीय राजनीति में उनके योगदान को भी याद किया। इससे पहले कार्यालय पहुंचने पर भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी और कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री कृष्णलाल पंवार का जबरदस्त स्वागत किया।
सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि भारतीय जनसंघ ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नेतृत्व में कश्मीर एवं राष्ट्रीय अखंडता के मुद्दे पर आंदोलन छेड़ा तथा कश्मीर को किसी भी प्रकार का विशेषाधिकार देने का विरोध किया। नेहरू के अधिनायकवादी रवैये के फलस्वरूप डॉ. मुखर्जी को कश्मीर की जेल में डाल दिया गया, जहां उनकी रहस्यपूर्ण स्थिति में मृत्यु हो गई। 1967 में पहली बार भारतीय जनसंघ एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के नेतृत्व में भारतीय राजनीति पर लंबे समय से बरकरार कांग्रेस का एकाधिकार टूटा, जिससे कई राज्यों के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की पराजय हुई।
कैबिनेट मंत्री पंवार ने कहा कि 6 अप्रैल 1980 को भाजपा की स्थापना हुई। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी पहले अध्यक्ष बनें। 1984 के लोकसभा चुनाव पार्टी को केवल दो सीटों पर जीत हासिल हुई थी। 1989 में पार्टी ने 85, 1991 में 120 सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा की जीत का सिलसिला आगे बढ़ता गया और 1996 में 161, 1999 में एनडीए को पूर्ण बहुमत मिला और भाजपा को 183 सीटें हासिल हुईं। अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में सरकार पांच साल तक चली थी। फिर 2014 के लोकसभा चुनाव में जनता ने ऐतिहासिक बहुमत दिया और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी।
कृष्णलाल पंवार ने कहा कि अटल बिहारी के नेतृत्व में विकास के कई नए प्रतिमान स्थापित किए गए। पोखरण परमाणु विस्फोट, अग्नि मिसाइल का सफल प्रक्षेपण, कारगिल विजय जैसी सफलताओं से भारत का कद अंतरराष्ट्रीय मंचों पर ऊंचा हुआ। भाजपा सरकार में राष्ट्रीय राजमार्गों का निर्माण, सार्वजनिक वितरण प्रणाली में सुधार, शिक्षा एवं स्वास्थ्य में नई पहल एवं प्रयोग, कृषि, विज्ञान एवं उद्योग के क्षेत्रों में तीव्र विकास के साथ-साथ कई उपलब्धियां हासिल की गई। उन्होंने कहा कि आज मोदी के नेतृत्व में भाजपा देश में एक प्रमुख राष्ट्रवादी शक्ति के रूप में उभर चुकी है एवं देश के सुशासन, विकास, एकता एवं अखंडता के लिए कृतसंकल्प है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। राजनीति पर लोगों के विश्वास को स्थापित किया। पंवार ने कहा कि मोदी के नेतृत्व में अंत्योदय, सुशासन, विकास एवं समृद्धि के रास्ते पर भारत आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए ऋण से लेकर खाद तक की नई नीतियां बनाई। पंवार ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में सुशासन का नया युग शुरू हुआ।
पंवार ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पीएम मोदी के मार्गदर्शन में हरियाणा को विकास के पथ पर आगे बढ़ा रहे हैं। हरियाणा की खुशहाली और तरक्की के लिए मुख्यमंत्री सैनी दिन रात मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नायब सैनी के नेतृत्व में भाजपा सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका प्रयास और सबका विश्वास के मूलमंत्र पर चलते हुए हर वर्ग के उत्थान के लिए कार्य कर रही है।
भाजपा जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने भी सभी कार्यकर्ताओं को भाजपा के स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कैबिनेट मंत्री पंवार को विश्वास दिलाते हुए कहा कि वे कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर संगठन को और मजबूत बनाने के लिए काम करेंगे। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अजीत सिंह यादव, महामंत्री रामबीर भाटी, पार्टी स्थापना दिवस कार्यक्रम संयोजक अनिल गंडास, सहसंयोजक जयवीर यादव, सहसंयोजक पी.सी सैनी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य युवा मोर्चा मनीष सैदपुर, सह प्रमुख सोशल मीडिया हितेष भारद्वाज, सिद्धार्थ सिद्धू और किसान मोर्चा के मीडिया प्रभारी राजन चौहान भी मौजूद थे।