
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 25 अप्रैल। नोडल अधिकारी आरएस बाठ का बुलडोजर आज बस स्टैंड के पास खड़ी रेहड़ियों पर चला। करीब दो दर्जन रेहड़ियों को बुलडोजर ने बुरी तरह से तोड़ दिया। वहीं बाठ का कहना था कि ये रेहड़ियां किसी गरीब की नहीं थी, बल्कि माफिया की थी।
आरएस बाठ आज जैसे ही अपने अमले के साथ बस स्टैंड के पास पहुंचे तो रेहड़ी वाले भागते नजर आए। बाठ के साथ आए गुरुग्राम नगर निगम के कर्मचारियों ने अवैध रूप से खड़ी रेहड़ियों को पकड़-पकड़ कर एक जगह एकत्र किया। जिसके बाद बुलडोजर चलाकर उन्हें चकनाचूर कर दिया।
रेहड़ियों को चकनाचूर करने के बाद बाठ ने पत्रकारों के एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि ये रेहड़ियां किसी गरीब की नहीं थी। एक-एक आदमी के नाम 15-15 रेहड़ियां है। यहां पर रेहड़ी माफिया पनप रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बाठ ने कहा कि इन रेहड़ी मालिकों में से एक पर चाकू चलाने का आरोप भी है। उन्होंने कहा कि इन रेहड़ियों की वजह से यहां लंबा जाम लगता है। यहां 11-12 लोगांे की गुंडागर्दी चल रही है और यहां से रोजाना गुजरने वाले लाखों लोग परेशान होते हैं। उन्होंने कहा कि इन लोगों को पांच बार पहले भी चेतावनी दी जा चुकी थी, परंतु ये लोग नहीं माने। उन्होंने कहा कि इन चंद लोगों की गुंडागर्दी अब और नहीं चलेगी। उन्होंने कहा कि यहां से जब भी रेहड़ी हटाई जाती है, अगले दिन फिर नई रेहड़ी आ जाती है। उन्होंने कहा कि रेहड़ी माफिया की पहचान कर जल्द ही उस पर एक्शन लिया जाएगा और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।
बाठ के अतिक्रमण हटाओ अभियान से आज मोची भी प्रभावित हुए जो सड़क किनारे चुपचाप अपना काम करते थे। उनको भी वहां हटाया गया और वे भी अपना सामान समेटते हुए नजर आए। वहीं, एक रेहड़ी वाले ने कहा कि हम तो अपनी रेहड़ियां लेकर वहां से निकल गए थे, परंतु करीब 100-150 लोगों की टीम बाठ के साथ आई हुई थी और उन्होंने हमारा पीछा करके हमारी रेहड़ियां छीन ली और पीएनबी बैंक के आगे एकत्र की और एक साथ उनपर बुलडोजर चलवा दिया।