
Bilkul Sateek News
नूंह, 18 मई। पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में आइबी व स्थानीय पुलिस ने जिले के राजाका गांव के रहने वाले 22 वर्षीय अरमान को गिरफ्तार किया है। अरमान पर आरोप है कि वह दिल्ली में पाकिस्तानी उच्चायोग के कर्मचारी दानिश को देश की सुरक्षा से जुड़ी जानकारियां देता था। अरमान मोबाइल से पाक में भी बात करता था। पाकिस्तान के लिए जासूसी मामले में राज्य में यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा व अन्य पांच की गिरफ्तारी भी हुई है। इस मामले में अभी और भी गिरफ्तारियों हो सकती है। अरमान के खिलाफ नगीना थाने में देशद्रोह समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है। अरमान के मोबाइल को कब्जे में ले लिया गया है।
फिरोजपुर झिरका की स्थानीय अदालत कल अरमान को पेश किया गया, जहां से अदालत ने उसे छह दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है। मामले में सुरक्षा एजेंसी की टीमें गहराई से जांच में जुटी हुई हैं।
आपरेशन सिंदूर के बाद देश की सुरक्षा एजेंसियों की नजर पाक के लिए जानकारी लीक करने वालों पर थी। सुरक्षा एजेंसी को इनपुट मिला था कि राजाका गांव का अरमान पाक उच्चायोग के कर्मचारी दानिश के संपर्क में था। तथा अरमान की पाक में मोबाइल से बात होती थी। इसी आधार पर बीते शुक्रवार को सुरक्षा एजेंसियों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर अरमान को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अरमान के पिता जमील की दो बुआ पाकिस्तान में है। उनसे मिलने के लिए अरमान दो बार पाक भी गया है। बताया गया है कि करीब छह माह पहले अरमान पाकिस्तान गया था। इसके अलावा कुछ दिन पहले वह दुबई में क्रिकेट मैच देखने के लिए भी जा चुका है। अरमान का पिता जमील भी कई बार अपने बुआ को मिलने के लिए पाक की यात्रा कर चुका है।
अरमान का पिता जमील फिलहाल छत्तीसगढ़ की जेल में बंद है। बीते 23 अप्रैल को जमील पल्ला गांव के कुछ युवकों को कार में लेकर गया था। यह कार अरमान के निकाह में मिली थी। वहां जिन युवकों के साथ गया था, उन्होंने किसी वारदात को अंजाम दिया हुआ था। इसलिए कार प्रयोग करने के जुर्म में छत्तीसगढ़ की पुलिस ने जमील को गिरफ्तार कर लिया था। जिसकी अभी तक जमानत नहीं हुई है।
अरमान के छह भाई है। सबसे बड़ा अल्ताफ, उसके बाद ओसाफ, तीसरे नंबर पर अरमान, अरमान से छोटा इंसाफ, वकार व वरार है। पिछले पंचायत के कार्यकाल में अल्ताफ सरपंच था। उस पर मनरेगा घोटाले के आरोप थे। जिसके चलते उसे जेल की हवा खानी पड़ी थी। फिलहाल वह जमानत पर चल रहा है।
अरमान का निकहा 2021 में जैताका गांव में हुई थी। अरमान की एक बेटी व एक बेटा भी बताया गया है। निकाह में अरमान को दहेज में कार भी मिली थी। ग्रामीणों के अनुसार वह बैग लटकाकर अक्सर बाहर आता जाता रहता था। जब उससे ग्रामीण पूछते थे तो वह नौकरी के लिए परीक्षा की तैयारी की बात करता था। लेकिन गांव के लोगों को यह यकीन नहीं है कि वह देश के लिए गद्दारी भी कर सकता है।