Bilkul Sateek News
नूंह, 26 जनवरी। 77वें जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन अनाज मंडी फिरोजपुर झिरका में गरिमामय वातावरण में किया गया। समारोह में जिला परिषद चेयरमैन जान मोहम्मद ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा परेड की सलामी ली।
मुख्य अतिथि ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामना दी। उन्होंने कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान लागू हुआ, जिसने देश को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल अधिकार प्रदान किए। इसी संविधान के बल पर भारत आज विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक गणराज्य बना है। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया।
जिला परिषद चेयरमैन ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि उनके संघर्षों के कारण ही देश आज आजादी और लोकतंत्र के इस गौरवशाली मुकाम तक पहुंचा है। उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस, लाला लाजपत राय, सरदार वल्लभभाई पटेल और डॉ. राजेंद्र प्रसाद जैसे महान नेताओं के योगदान को भी याद किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद भारत ने एक बड़ी वैश्विक शक्ति के रूप में अपनी पहचान बनाई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है। भारत ने चंद्रयान, सूर्ययान और मंगलयान जैसे मिशनों को सफलतापूर्वक संचालित किया है। चंद्रयान-3 के माध्यम से भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने वाला दुनिया का पहला देश बना है।
मुख्य अतिथि ने कहा कि देश की प्रगति में हरियाणा का विशेष योगदान है। हरियाणा ने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल और सामाजिक-आर्थिक विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं। हरियाणा वीरों की भूमि है और आज भारतीय सेना में प्रत्येक दसवां जवान हरियाणा से है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा शहीद सैनिकों के आश्रितों के लिए की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार ने सुशासन से सेवा के संकल्प के साथ जनसेवा को सर्वाेपरि रखा है। परिवार पहचान पत्र के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जा रहा है तथा आईटी के माध्यम से मानव हस्तक्षेप को न्यूनतम किया गया है।
समारोह के दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। विभिन्न टुकड़ियों द्वारा अनुशासित मार्च पास्ट किया गया।
इस अवसर पर उपमंडल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन, अधिकारी-कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर एसडीएम फिरोजपुर झिरका लक्ष्मी नारायण, डीएसपी अजायब सिंह, सहित अन्य उपमंडल के प्रशासनिक अधिकारी व अन्य लोग मौजूद रहे।



