
गुरुग्राम, 16 फरवरी। हरियाणा निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी किसी तरह का खतरा मोल नहीं लेना चाहती। इसलिए निकाय चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी करने के बाद भी वह कई सीटों पर प्रत्याशी बदलने से गुरेज नहीं कर रही है।
गुरुग्राम में वैश्य समाज की नाराजगी को देखते हुए भाजपा ने ब्राह्मण पार्षद प्रत्याशी का टिकट काट कर आशीष गुप्ता को दे दिया है। भाजपा ने पहले वॉर्ड 27 से ब्राह्मण समाज से आने वाले चंचल कौशिक को टिकट दिया था। भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी होने के बाद से ही वैश्य समाज की प्रतिभागिता को लेकर विरोध के स्वर उठने लगे थे। जिसके बाद भाजपा ने डैमेज कंट्रोल के तहत वॉर्ड 27 से ब्राह्मण का टिकट काटकर वैश्य समाज के आशीष गुप्ता को दे दिया।
उधर, फरीदाबाद में भी भाजपा ने अपने दो पार्षद प्रत्याशियों के टिकट काट दिए। अब वॉर्ड 20 से संदीप छपराणा और वॉर्ड 29 से अजय बैंसला चुनाव लड़ेंगे। वॉर्ड 20 से पहले दीपक बैंसला गुज्जर और वॉर्ड 29 से विजय बैंसला को टिकट दिया गया था।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने आज बदले गए तीनों पार्षद प्रत्याशियों की सूची जारी की।