
प्रचार के अंतिम दिन मेयर प्रत्याशी राज रानी के पक्ष में पहली बार प्रचार के लिए आए केंद्रीय मंत्री
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 28 फरवरी। चुनाव प्रचार के अंतिम दिन आज कन्हई में जनसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह बतौर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद थे। इस दौरान विधायक मुकेश शर्मा और पूर्व मेयर मधु आजाद भी मौजूद थे। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि गुरुग्राम मेयर पद की टिकट की दौड़ में कई लोग शामिल थे, लेकिन यह टिकट पार्टी ने नहीं बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं दी है। भाजपा का शीर्ष नेतृत्व अपने हर कार्यकर्ता को ध्यान में रखता है और यही कारण है कि भाजपा ने तिलक राज मल्होत्रा के परिवार पर विश्वास जताया और उनकी पत्नी राज रानी मल्होत्रा को नगर निगम गुरुग्राम के मेयर पद का प्रत्याशी बनाया।
लोगों को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि लोग समझते हैं कि देश और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। टिकट वितरण से कुछ कार्यकर्ता नाराज भी हुए हैं और निर्दलीय तौर पर चुनाव लड़ने के लिए मैदान में भी आए हैं, लेकिन लोग समझते हैं कि उनका हित किसे वोट करने में है। यही कारण है कि आज हर किसी को भाजपा पर पूरी आस्था है। लोग मेयर पद पर भाजपा प्रत्याशी राज रानी को जिताएंगे, इसके साथ ही नगर निगम के सभी वार्डों में भी कमल ही खिलेगा।
इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए मेयर प्रत्याशी राज रानी के पति तिलक राज ने कहा कि मेयर और पार्षद मिलकर जनता की समस्याओं का समाधान करेंगे। आज सभी को पता है कि भाजपा के राज में ही विकास संभव है। इसलिए आने वाली 2 मार्च को भाजपा प्रत्याशी को वोट देकर विजयी बनाएं। इस अवसर पर जनसभा में आए लोगों ने भी उन्हें आश्वस्त किया कि वह भाजपा को ही विजयी बनाएंगे।