
file photo source : Social media
मुख्यमंत्री सैनी और प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली के खिलाफ विज की बयानबाजी के बाद नोटिस जारी किया था
अंबाला,12 फरवरी। परिवहन मंत्री अनिल विज ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की ओर जारी कारण बताओ का नोटिस का जवाब दे दिया। उन्होंने आठ पन्नों का जवाब पार्टी को भेज दिया। उन्होंने आज इसकी जानकारी पत्रकार वार्ता में दी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के खिलाफ विज की बयानबाजी के बाद कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
अंबाला में पत्रकारों से बातचीत में अनिल विज ने कहा कि मैं तीन दिन से बेंगलुरु में था। मैं कल घर लौटा हूं। वहां से आकर पहले नहाया फिर खाना खाया और उसके बाद बैठ कर नोटिस का जवाब दिया। नोटिस का जवाब समय से पहले दे दिया है। अपने जवाब में लिखा है कि अगर और किसी बात का जवाब चाहिए तो वो भी देने को तैयार हूं। अब विज के जवाब पर ही पार्टी की अगली कार्रवाई टिकी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि विज को नोटिस देने के पीछे एक कारण यह भी है कि बाकी लोगों को भी एक कड़ा संदेश देना चाहती है। मंत्रिमंडल में सैनी से सीनियर कई मंत्री हैं। ऐसे में आगे कोई इस तरह की घटना न हो, इसलिए पार्टी की ओर से कार्रवाई की गई है। पार्टी के कद्दावर नेता व सात बार के विधायक अनिल विज अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कभी सार्वजनिक तौर पर इतने सख्त बयान नहीं दिए। उन्होंने पहली बार खुलकर मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ बयान दिया है। इस बार पार्टी ने विज के बयानों को गंभीरता से लिया है। भाजपा सरकार में यह पहली बार है, जब किसी मंत्री को संगठन की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।