
दिल्ली, 19 जनवरी। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में मौसम फिर करवट बदलेगा। उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड का दौर अभी जाने वाला नहीं है। राष्ट्रीय राजधानी में ठंड फिर से बढ़ेगी। वहीं उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, बिहार, राजस्थान समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। कल यानी सोमवार को भी तापमान ऐसा ही रहेगा। हालांकि, अभी भी रात को और सुबह के समय शीतलहर और गलन लोगों को परेशान कर रही। घने कोहरे की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। मौसम विभाग के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिन में बादलों की आवाजाही बढ़ने के आसार हैं। कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। सर्द हवाएं लोगों की मुश्किलें और बढ़ाएंगी। मौसम विभाग ने 22 और 23 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ की वजह से दिल्ली-एनसीआर में बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी बारिश के आसार बन रहे हैं। जिससे सर्दी का सितम फिर बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर में एक सप्ताह तक बारिश और बर्फबारी होने का अनुमान है। अगले 36 घंटों में कई स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।