Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 22 अक्टूबर। हरियाणा के औद्योगिक और नागरिक विकास का अग्रणी केंद्र फरीदाबाद आज निरंतर प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। जनसेवा को सर्वाेच्च ध्येय मानते हुए शहर को विकास की राह पर सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने गोयल ने करोड़ों की लागत से सेक्टर 7 एवं सेक्टर 33 में अनेक महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का शुभारंभ एवं लोकार्पण किया। इस मौके पर फरीदाबाद की मेयर प्रवीण जोशी भी मौजूद रहीं।
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि सेक्टर 7 मार्केट में स्टॉर्म वाटर डिस्पोजल सिस्टम के निर्माण कार्य पर ₹50 लाख की लागत से कार्य पूर्ण किया गया है। इसी प्रकार बायपास मार्ग पर भी स्टॉर्म वाटर डिस्पोजल प्रणाली के लिए ₹20 लाख का निवेश किया गया है। क्षेत्र की जलापूर्ति सुदृढ़ करने हेतु सीही गांव में 2 तथा सेक्टर 8 एन.के. गर्ग पॉकेट में 1 समेत कुल 3 नए ट्यूबवेल स्थापित किए गए, जिन पर ₹33 लाख की लागत आई और इसी तरह सेक्टर 7 में भी 3 नवीन ट्यूबवेलों का निर्माण 33 लाख की लागत से किया गया है।
वहीं, वर्षा जल संचयन प्रणाली रेन वाटर हार्वेस्टिंग को प्रोत्साहन देते हुए सेक्टर 7 मार्केट के पास ₹5.5 लाख की लागत से प्रणाली विकसित की गई। जान कल्याण मंदिर के पीछे पार्क में डोलपुर स्टोन एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग कार्य ₹12 लाख में संपन्न हुआ। जबकि सीताराम मंदिर के समीप पार्क में बाउंड्री वॉल एवं डोलपुर स्टोन का कार्य ₹8 लाख की लागत से पूरा हुआ।
इन सभी कार्यों से क्षेत्र में जल निकासी जल संरक्षण स्वच्छता और जनसुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा। यह विकास न केवल वर्तमान की आवश्यकताओं की पूर्ति करेगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सशक्त और स्थायी आधार तैयार करेगा।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि सेक्टर 33 में भी सड़क सीवरेज एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों को नई गति प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि सीवरेज और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाएं किसी भी शहरी विकास की रीढ़ होती हैं और इन कार्यों के पूर्ण होने के उपरांत सेक्टर 33 के नागरिकों को बेहतर आवागमन जल निकासी, स्वच्छता और पर्यावरणीय संतुलन का लाभ मिलेगा।



