
Bilkul Sateek News
अहमदाबाद, 12 जून। गुजरात के अहमदाबाद में आज हुए एयर इंडिया विमान हादसे में चमत्कारिक रूप से एक 40 वर्षीय व्यक्ति की जान बच गई। एयर इंडिया की फ्लाइट AI171 एयरपोर्ट से उड़ने के तुरंत बाद हादसे का शिकार हो गई। जिसमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी समेत 204 लोगों की मौत हो चुकी है। लंदन जा रहे इस विमान में 242 यात्री सवार थे। हादसे के बाद विमान में आग लग गई थी जिसका काला धुआं दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था।
एक राष्ट्रीय दैनिक अंग्रेजी समाचार पत्र के अनुसार अस्पताल में भर्ती 40 वर्षीय विश्वास कुमार रमेश (सीट नंबर 11ए) ने बताया कि एयरपोर्ट से उड़ान भरने के तुरंत बाद ही एक तेज आवाज हुई और विमान हादसे का शिकार हो गया। यह सब कुछ इतनी जल्दी हुआ की किसी को संभलने तक का मौका नहीं मिला। जब मैं उठा तो मेरे चारों तरफ जली लाशें ही लाशें बिखरी हुई थी। उस नजारे को देखकर मेरी रूह कांप उठी और मैं जैसे तैसे तुरंत खड़ा होकर वहां से भागा। सब तरफ लाशें और विमान के बिखरे टुकड़े नजर आ रहे थे। हादसे में विश्वास के सीने, पैरों और आंखों में चोट आई है। अस्पताल में विश्वास का इलाज चल रहा है।
हादसा स्थल पर अभी बचाव और राहत अभियान चल रहा है। जिस इमारत पर विमान गिरा था वहां पर भी कई लोग हताहत हुए हैं। मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।