Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 13 जनवरी। फरीदाबाद के सेक्टर 56 में 4 साल पहले हाथों में लाल चूड़ियां, मांग में सिंदूर, गले में मंगलसूत्र पहने और अपनी आंखों में सपने सजोए अपने ससुराल पहुंची 19 वर्षीय संगीता को क्या पता था कि उसकी जिंदगी अब पूरी तरह से बदल जाएगी और उसके सपने-सपने ही रह जाएंगे। शादी के बाद के कुछ दिन तो हंसी खुशी से बीते, दिन बीतते गए और साथ ही शुरू हो गई दहेज प्रताड़ना। आए दिन ससुराल वाले किसी ना किसी बात को लेकर उसको दहेज के लिए ताना देते थे।
थकहार कर संगीता ने अपने मायकेवालों को दहेज प्रताड़ना के बारे में बताया। मायकेवालों ने कोशिश की कि सबकुछ ठीक हो जाए, लेकिन संगीता के ससुराल वाले उसे कार लाने के लिए तंग करते रहे। आज सुबह मायकेवालों को एक कॉल आया तो उसको सुनकर उनके होश उड़ गए। जब वे भागे-भागे संगीता के ससुराल पहुंचे तब तक उनकी लाडली उन्हें हमेशा हमेशा के लिए छोड़कर जा चुकी थी। उसकी ला‘श बाथरूम में पड़ी थी और गले में थे रस्सियों के निशान।
पिता राजू, बहन भावना और भाई सोनू ने आरोप लगाया कि आज सुबह हमें कॉल आया था। जिसमें बताया गया कि संगीता काफी समय से बाथरूम में बंद है और दरवाजा नहीं खोल रही। जब वे संगीता के ससुराल पहुंचे तो मंजर कुछ और ही था। संगीता के गले पर रस्सी के निशान बने हुए थे और उसकी मौत हो चुकी थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में भिजवा दिया। पुलिस 23 वर्षीय संगीता के परिजनों की शिकायत पर आगे की कार्रवाई करेगी।



