
Bilkul Sateek News
फरीदाबाद (अजय वर्मा), 23 मई। फरीदाबाद में आज विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन के निर्माण के दौरान मिट्टी ढहने से तीन महिलाओं समेत चार मजदूर दब गए। चारों को तुरंत बाहर निकाल कर अस्पताल ले जाया गया। जहां पर दो महिलाओं की मौत हो गई। मृतक दोनों महिलाएं पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। जबकि दोनों घायल बिहार निवासी हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फरीदाबाद के ओल्ड रेलवे स्टेशन को विश्वस्तरीय बनाया जा रहा है। इस दौरान यहां पर एक इमारत बनाई जा रही थी, जिसके लिए मिट्टी की खुदाई की जा रही थी। वहां पर कई मजदूर काम कर रहे थे। तभी अचानक मिट्टी का एक ढेर ढहने लगा और उसके नीचे चार मजदूर दब गए। एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही चारों को ऑटों में अस्पताल ले जाया गया। वहां पर इलाज के दौरान दो महिला मजदूर नीता और नविता की मौत हो गई। वहीं महिला और पुरुष मजदूर खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ठेकेदार ने मजदूरों को बिना सुरक्षा उपकरणों के जमीन की खुदाई पर लगाया हुआ था। घायलों के अनुसार वे लोग वहां पर कामकर रहे थे और धूप से बचने के लिए साइड में आराम करने के लिए बैठ गए थे। अचानक मिट्टी उनके ऊपर गिर गई। बाद में स्थानीय लोगों और पुलिस ने कड़ी मशक्कत कर बाहर निकाला और उपचार के लिए फरीदाबाद के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रभारी राजपाल ने बताया कि यह सभी लोग वहां पर विश्वस्तरीय बनाए जा रहे रेलवे स्टेशन पर काम कर रहे थे और अचानक उनके ऊपर मिट्टी गिर गई जिसमें दो महिलाओं की मौत हो गई है। पुलिस जांच करेगी कि ठेकेदार की जो कमियां है उनको लेकर और उसके खिलाफ मामला भी दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस इस मामले में जांच के बाद मुकदमा दर्ज करेगी।