Bilkul Sateek News
नूंह, 27 जनवरी। नूंह जिले की ग्राम पंचायत मेवली में करीब तीन वर्ष पूर्व पंचायत चुनाव के दौरान मतदान के समय हुई फायरिंग की घटना में शामिल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान वकील उर्फ वक्की पुत्र जमील निवासी मेवली के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए घटना से जुड़े सभी हालात पुलिस के सामने बयान किए हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार यह घटना 2 नवंबर 2022 को उस समय हुई थी, जब गांव के सरकारी स्कूल में सरपंच पद के लिए मतदान चल रहा था। चुनाव के दौरान दो पक्षों के बीच पहले से ही तनाव बना हुआ था। मतदान के दौरान विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, जो बाद में पत्थरबाजी और हिंसा में बदल गई। इसी दौरान एक पक्ष की ओर से अवैध हथियारों से फायरिंग की गई, जिससे कई लोग घायल हो गए और एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई थी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि चुनाव से पहले ही हिंसा की साजिश रची गई थी। हार की आशंका को देखते हुए माहौल बिगाड़ने और दूसरे पक्ष के मतदाताओं को डराने के लिए झगड़ा करने का निर्णय लिया गया था। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर फायरिंग की थी, जिससे घटनास्थल पर भगदड़ मच गई। घटना के बाद पुलिस बल की तैनाती बढ़ने पर आरोपी मौके से फरार हो गया था और तब से गिरफ्तारी से बचता रहा। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध हथियार उसने एक रिश्तेदार के घर छिपाकर रखा है। इसके अलावा आरोपी ने अपने अन्य साथियों के ठिकानों की जानकारी भी पुलिस को दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और सभी दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।




