
यह नया भारत है जो हर चुनौती का सामना कर विजयी होकर आगे बढ़ रहा है
गुरुग्राम, 24 मई। भारतीय सेना द्वारा हाल ही में संपन्न ऑपरेशन सिंदूर की अभूतपूर्व सफलता और सैनिकों के पराक्रम को सम्मान देने के उद्देश्य से शनिवार को फर्रुखनगर कस्बे में एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का नेतृत्व हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया। अनाज मंडी से आरंभ होकर ऐतिहासिक शीशमहल तक निकाली गई इस यात्रा में बुजुर्गों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों सहित समाज के सभी वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी रही। यात्रा में भाजपा के जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी भी मौजूद रहे।
यात्रा में सहभागी बने नागरिकों को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर न केवल हमारी सेना की रणनीतिक दक्षता का प्रतीक है, बल्कि यह भारत की अखंडता और संप्रभुता की रक्षा में हमारे संकल्प को भी दर्शाता है। हमें गर्व है कि हमारे वीर सैनिकों ने देश की रक्षा में अद्वितीय साहस का प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि भारत की सेनाओं ने जिस सटीकता से पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों को नष्ट किया और दुश्मन की हमले की कोशिशों को हवा में ही समाप्त कर दिया, वह हमारे राष्ट्रीय सुरक्षा तंत्र की मजबूती व भारत के वैश्विक महाशक्ति बनने का परिचायक है। उन्होंने आगे कहा कि भारत ने अब स्पष्ट संदेश दे दिया है कि किसी भी आतंकी हरकत का जवाब अब केवल बातों से नहीं, बल्कि सख्त कार्रवाई से दिया जाएगा। यदि कोई भी शक्ति भारत के विरुद्ध दुस्साहस करती है, तो उसे कई गुना प्रतिघात झेलना पड़ेगा।
राव ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा न सिर्फ सैनिकों के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नए भारत की एक झलक भी है। एक ऐसा भारत जो हर चुनौती का सामना करने को तैयार है और हर मोर्चे पर विजयी होकर आगे बढ़ रहा है। भारतीय सेना की इस सक्षमता के लिए स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जवानों के शौर्य एवं पराक्रम को सलाम किया है। यात्रा का समापन शीशमहल परिसर में राष्ट्रगान के साथ किया गया।