
A selective focus shot of male hands in handcuffs on a wooden table
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 28 मई। गुरुग्राम पुलिस ने वीजा अवधि खत्म होने के बाद भी भारत में रह रहे चीनी नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी चीनी नागरिक सन् 2019 में बिजनेस वीजा पर भारत आया था। आरोपी की 2023 में वीजे की अवधि पूर्ण हो गई थी। उसके बाद से वह भारत में अवैध रूप से रह रहा था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सेक्टर-37 थाना पुलिस को कल विश्वसनीय सूत्रों से पता चला की गांव खांडसा में अवैध रूप से एक विदेशी नागरिक रह रहा था। जिसके बाद पुलिस तुरंत गांव खांडसा में नितिन के घर पहुंची, जहां पर एक चीनी नागरिक रह रहा था। पुलिस ने जब चीनी नागरिक से भारत में रहने संबंधी दस्तावेज मांगे तो वह कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया।
चीन मूल के नागरिक द्वारा अवैध तरीके से देश में रहने पर उसके खिलाफ फॉरेनर्स व पासपोर्ट एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी चीनी नागरिक की पहचान लिन जेनसन (उम्र 28 वर्ष) निवासी GUANDGDONG CHINA के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि आरोपी लिन 2019 में बिजनेस वीजा पर भारत आया था। 2023 में उसके वीजे की अवधि समाप्त होने के बाद वह वापस चीन नहीं गया। लिन 2023 से मार्च 2025 तक छतरपुर (दिल्ली) में रह रहा था। मार्च में ही लिन मानेसर में एक कंपनी में काम करने के लिए गांव खांडसा आकर रहने लगा था।
पुलिस जल्द ही आरोपी को अदालत में पेश करेगी। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।