Bilkul Sateek News
सिरसा, 13 सितंबर। सिरसा में आज सुबह रोडवेज बस ने एक ट्रैक्टर ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रैक्टर ट्रॉली पलट गई। जिससे ट्रॉली में सवार महिलाएं और पुरुष सड़क पर गिर गए। जिसमें 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जन भर से ज्यादा घायल हो गए। इसमें से 4 महिलाओं को कंधे, हाथ और सिर पर गहरी चोटें लगी हैं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद वहां पर जाम लग गया, जिसे बाद में खुलवाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा सुबह करीब सवा 9 बजे ऐलनाबाद में हनुमानगढ़ रोड पर बाजीगरों की ढाणी के पास हुआ। हरियाणा रोडवेज की बस सिरसा की ओर आ रही थी। बस में सवार सभी सवारियां सुरक्षित हैं। गांव ममेरा कलां रोड पर स्थित ढाणी से एक किसान खेत में नरमा फसल की चुगाई के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली में लेबर लेकर रामपुरा गांव में जा रहा था। दोनों मृतक ममेरा कलां की ढाणी के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ट्रैक्टर चालक को भी काफी चोटें आई है, उसे भी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।




