Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 14 सितंबर। गुरुग्राम के एंबियंस अंडरपास में शनिवार शाम काले रंग की एक तेज रफ्तार कार ने बैलेंस खोकर एक बाइक को टक्कर मार दी। जिससे उसमें सवार दो लोग बुरी तरह से घायल हो गए। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पूरा हादसा वहां से गुजर रहे एक वाहन के डैश केम में कैद हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे के वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि काले रंग की कार काफी तेज गति से जा रही थी। तभी वह अपना बैलेंस खोती है और पहले वह तेजी से दाईं तरफ जाती है फिर उतनी ही तेजी से बाईं तरफ टर्न लेती है और उसकी बैक साइड आगे जा रही बाइक से टकरा जाती है। जिससे उसमें सवार दो लोग बाइक समेत गिर जाते हैं। कार भी अंडरपास की बाई दीवार पर टकराती है और जिस दिशा से आ रही थी उस दिशा में मुड़ जाती है।
प्रत्यदक्षियों के अनुसार हादसा शाम करीब 7 बजे हुआ, उस समय अंडरपास में ट्रैफिक सामान्य था। काले रंग की कार अत्यधिक तेजगति से आ रही थी। बाइक सवार दो लोग जिनकी उम्र लगभग 25-30 वर्ष बताई जा रही है, अंडरपास से गुजर रहे थे। अचानक कार ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार हवा में उछलकर सड़क पर गिर गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टकराने की तेज आवाज हुई और कार भी अनियंत्रित होकर कई चक्कर काटने के बाद रुक गई।
हादसे का एक सात सेकेंड का वीडियो भी सामने आया है। यह वीडियो पीछे दूसरी कार के डैश केम में रिकॉर्ड हुआ है। इसमें साफ देखा जा सकता है कि बाइक सवार अपनी तय स्पीड में अंडरपास निकल रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई कार ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। बाइक के सड़क पर फिसलने से चिंगारी भी निकली है। संयोग से एक बड़ा हादसा टल गया।
राहगीरों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को घटना की सूचना दी। जिस पर कुछ ही मिनटों में पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। दोनों घायलों की हालत स्थिर है, लेकिन उन्हें गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें सिर और पैर की चोटें शामिल हैं।
पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है ताकि कार चालक की पहचान हो सके और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस ने कार के नंबर प्लेट के आधार पर वाहन मालिक की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।




