file photo source: social media
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 15 सितंबर। गुरुग्राम में कल आधी रात को द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक कार डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में एक डॉक्टर की मौत होगी और साथी बुरी तरह से घायल हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।
हादसा न्यू पालम विहार के पास पिलर नंबर 58 के पास देर रात हुआ। कार डिवाइडर पर चढ़कर पिलर से जा टकराई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बजघेड़ा थाना पुलिस और पीसीआर टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
वहां पर डॉक्टरों ने 37 वर्षीय डॉक्टर दीप नारायण को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके साथी का इलाज जारी है।
हादसा बजघेड़ा थाने से पांच मिनट की दूरी पर हुआ है। बीएएमएस डॉक्टर दीप नारायण धर्म कॉलोनी के एस ब्लॉक में परिवार के साथ रहते थे और क्लिनिक चलाते थे। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति निजी अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती है।
पुलिस के अनुसार रात करीब 12 बजे कंट्रोल रूम में हादसे की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कार डिवाइडर पर पिलर के पास मिली। कार आगे से पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी। कार में सवार दो लोग घायल थे। इन्हें पास के ही निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने दीप नारायण को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल का इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि वे किसी काम से गए थे। वापसी में अपनी कार से लौट रहे थे। जब वे द्वारका एक्सप्रेसवे पर जा रहे थे तो किसी दूसरे वाहन से बचने के लिए उनकी कार डिवाइडर से टकरा गई और यह हादसा हो गया।




