Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 16 सितंबर। गुरुग्राम के पॉश एरिया में आज दोपहर को सिलेंडर में ब्लास्ट होने से कई झुग्गियां जल गईं। दमकल विभाग की गाड़ियों ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पाया।
दमकल अधिकारियों के अनुसार, आग दोपहर करीब सवा एक बजे लगी। सेक्टर-15 पार्ट-2 के मकान नंबर 1607 के सामने कुछ झुग्गियां बनी हुई हैं। दोपहर को वहां पर खाना बनाते वक्त एक झुग्गी में गैस का रिसाव हो गया। गैस का रिसाव होते ही झुग्गी में मौजूद लोग बाहर आ गए। उनके बाहर आते ही सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया और झुग्गी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने कई झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। जिससे वहां पर हड़कंप मच गया।
आग की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां भीम नगर से और एक गाड़ी सेक्टर-29 दमकल केंद्र से मौके पर भेजी गई। जिन्होंने करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। आग की इस घटना में किसी भी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है।




