Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 16 सितंबर। गुरुग्राम में सरकारी जमीन पर अवैध पार्किंग चलाई जा रही थी। बकायदा इस पार्किंग पर्ची काटी जाती थी और गाड़ियां पार्क करवाई जाती थी। गाड़ी पार्क करने वालों की इस बात की भनक भी नहीं थी कि जहां वे अपनी कीमती गाड़ी खड़ी कर रहे हैं वह पार्किंग पूरी तरह से अवैध है। सीएम फ्लाइंग को जब इसकी सूचना मिली तो उसने वहां पर छापा मारकर एक व्यक्ति को पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। सुशांत लोक थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह अवैध पार्किंग सेक्टर-44 में सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से चलाई जा रही थी। यहां लोगों की गाड़ियों को लगवाकर पर्ची काटकर वसूली की जा रही थी। सीएम फ्लाइंग को जब इसकी सूचना मिली तो तुरंत एक टीम का गठन कर मौके पर छापेमारी की। टीम ने मौके से गाड़ियों को पार्किंग में लगवाकर पर्ची काट रहे विकास को पकड़ लिया। पूछताछ में विकास ने बताया कि वह गांव कन्हई निवासी एक व्यक्ति के लिए काम करता है।
टीम ने मौके से कई पार्किंग रसीदें, एक रजिस्टर और पेमेंट बार कोड बरामद किए। बाद में विकास को सुशांत लोक थाना पुलिस को सौंप दिया गया।
पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 3/5, 308(2) और 329(3) के तहत मामला दर्ज कर विकास को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले में मुख्य आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।




