Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 26 सितंबर। गुरुग्राम पुलिस ने अपने एक कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। कांस्टेबल पर एक महिला सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ने अपना पीछा करने और उसकी कार के नंबर से डिटेल निकालने का आरोप लगाया था। इसको लेकर तीन दिन पहले महिला ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो अपलोड किया था।
इस वीडियो में सेक्टर 45 स्थित आरडी सिटी निवासी सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर शिवांगी पेसवानी ने आरोप लगते हुए बताया कि कैसे पीसीआर पर तैनात एक पुलिसकर्मी ने उसका पीछा किया और कार का नंबर ट्रेस कर उसकी डिटेल निकाली। पुलिसकर्मी ने उसकी इंस्टाग्राम रील पर सिमरन नाम की आईडी से मैसेज कर डीएम में मैसेज करने की बात कही। इसके बाद जब महिला शिकायत लेकर थाने पहुंची। वहां पर एसएचओ ने उसकी मदद करने की जगह कहा कि आप उसे ब्लाक कर दीजिए। सोशल मीडिया पर तो ये सब होता रहता है। पूरे घटनाक्रम के बारे में महिला ने अपने इंस्टाग्राम पर 3 मिनट का वीडियो अपलोड कर दिया। इसके बाद पुलिस ने एक्शन लेते हुए आरोपी कर्मी को सस्पेंड कर दिया।
सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर शिवांगी पेसवानी का कहना है कि 14 सितंबर की रात करीब साढ़े 12 बजे वह ड्राइव करके वापस आ रही थी। रास्ते में एक पीसीआर ने कुछ दूर तक उसका पीछा किया। शिवांगी जब घर पहुंची तो उसके करीब 15 मिनट बाद उसकी एक रील पर सिमरन चोपड़ा की फेक आईडी से एक कमेंट आया। जिसमें लिखा था कि मैम आप वहीं हो ना जो 15 मिनट पहले आरडी कालोनी में आई हो। इतना सुनकर शिवांगी को एहसास हुआ कि एक पीसीआर उसका पीछा कर रही थी।
शिवांगी ने जब पूछा कि आप कौन हो? इस पर पुलिसकर्मी कहता है, पुलिस की नजर बहुत तेज होती है। मैसेज में बात करो। शिवांगी के पूछने पर पुलिसकर्मी बताता है कि उनके गाड़ी नंबर से उनका पता और नाम से इंस्टाग्राम की डिटेल निकाली है।
इसके बाद 23 सितंबर को शिवांगी ने पुलिसकर्मी की पुलिस में शिकायत की। पुलिस ने दोनों को थाने बुलाकर मामले में पूछताछ की। इसके बाद एसएचओ मामले को सुलझाने की बात कहते हैं। महिला फिर भी अपनी बात पर अड़ी रही। जिसके बाद 24 सितंबर को आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
मामले में कोई कार्रवाई न होने पर शिवांगी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया। जिसमें वह कहती है कि जब मेरी रील पर कमेंट आता है। जिसमें किसी फीमेल फॉलोअर को समझ कर इग्नोर कर देती है। फिर पुलिसकर्मी डीएम में आने के लिए कहता है।
शिवांगी आगे कहती है कि एक पीसीआर वाला जिसे सरकार ने हमारी सुरक्षा के लिए रखा है, वो इस तरह से मेरी लाइव मूवमेंट निकालकर मुझे मैसेज कैसे कर सकता है? वह पुलिस वाला मैसेज में कहता है कि आप बहुत सुंदर हो, आप इतने साल के नहीं दिखते हो। आगे वह मुझे दोस्ती का प्रस्ताव भेजता है।
शिवांगी के अनुसार, इस घटना के बाद उसने महिला साइबर थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई थी। सारे स्क्रीनशॉट सबूत के तौर पर वहां दिए हैं। इसके बाद एसएचओ और पुलिसकर्मी कहते हैं कि मैम इसने ऐसा क्या ही बोल दिया, जो आप इतनी आहत हो रही है। दोस्ती ही तो करना चाह रहा था, इसके कोई गलत इरादे नहीं थे, दोस्ती नहीं करनी तो ब्लॉक मारो आगे बढ़ो।
शिवांगी ने कहा कि मैं 50 साल की होने वाली हूं। हमें कब तक अपने आप को बचाना होगा। किस-किस से बचाना होगा। क्या हमें पुलिसवालों से भी खुद को बचाना है। मुझे ऐसी चीजें फेस करनी पड़ रही है, तो मुझसे जो कम उम्र की है, उन जवान लड़कियों क्या हाल होगा। मैंने उस पुलिस वाले के खिलाफ शिकायत कर दी है। मैं उसे सजा दिलाकर ही छोड़ूंगी।
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि महिला की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर आरोपी कॉन्स्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। किसी भी आरोपी को बचाया नहीं जाएगा।




