Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 2 अक्टूबर। गुरुग्राम में आज सुबह कपड़ों के एक बड़े वेयरहाउस में भीषण आग लग गई। आग की भीषणता को देखते हुए दमकल विभाग की 15 गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं। दकमल विभाग की गाड़ियां आग पर काबू करने का प्रयास कर रही हैं। आग से लाखों रुपये के सामान के जलने का अनुमान लगाया जा रहा है। यह वेयरहाउस एक प्रमुख टेक्सटाइल कंपनी का है। आग शॉर्ट सर्किट या इलेक्ट्रिकल फॉल्ट से लगने का शक है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग के बिनौला इलाके में कपड़ों के एक बड़े वेयरहाउस में आग लगी है। आग की लपटें इतनी तेज थी कि दूर-दूर तक काला धुआं दिखाई देने लगा। फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास किया।
फायर ब्रिगेड अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि करीब 9 बजे फायर ब्रिगेड कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली। कुछ ही देर में मानेसर से फायर की दो गाड़ियां मौके पर पहुंची, लेकिन आग की भीषणता को देखते हुए गुरुग्राम, मानेसर, पटौदी समेत आसपास के फायर स्टेशनों से गाड़ियां मंगवाई गई।
करीब ढाई घंटे से आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा है। अभी आग बुझाने में और समय लग सकता है। उन्होंने कहा कि वेयरहाउस में हजारों मीट्रिक टन कपड़े रखे हुए थे, जिसके कारण आग तेजी से फैल गई। अभी तक किसी के फंसने या हताहत होने की कोई जानकारी नहीं मिली है।
मौके पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मचारियों ने पानी की बौछारों से आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती घंटों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आसपास के फैक्टरियों को भी अलर्ट जारी कर दिया गया है, और यातायात को डायवर्ट किया गया।



