Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 8 दिसंबर। गुरुग्राम पुलिस ने एक 32 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। सर्द रात में प्रेमिका जब बांहों से निकल घर जाने की जिद करने लगी तो प्रेमी को यह पसंद नहीं आया और उसने घर छोड़ने के बहाने रास्ते में उसका कत्ल कर दिया और उसकी लाश को दफना दिया। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
गांव काकलबंगी जोगियांव दारांग (असम) निवासी 32 वर्षीय जाबेदा खान अपनी सहेली के साथ यहां रहती थी और हत्या की रात वह उसे 2 घंटे में लौटने की बात कहकर गई थी। जब वह नहीं लौटी तो उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस को 8 दिसंबर को पावरग्रिड बिल्डिंग सेक्टर-29 में एक युवती की लाश मिली थी।
पुलिस थाना सेक्टर-17/18 ने इस ब्लाइंड मर्डर में 8 दिसंबर को आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान संजय (उम्र-26वर्ष) निवासी गांव कल्याणपुर, जिला कोटपुतली (राजस्थान) के रूप में हुई।
आरोपी से पुलिस पूछताछ में पता चला कि वह ए.सी. रिपेयर करने का काम करता है और उसका ताऊ सुशांत लोक में गार्ड की नौकरी करता है। वह भी अपने ताऊ के साथ सुशांत लोक में ही रहता है। जाबेदा खान उसकी महिला मित्र थी। 26/27 नवंबर की रात को वह उसे अपने सुशांत लोक के कमरे पर लेकर आया। शारीरिक संबंध बनाने के बाद जाबेदा जब वापस घर जाने लगी तो इस बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। संजय जाबेदा खान को बाइक पर बिठाकर नजदीक ऑपोजिट पावरग्रिड बिल्डिंग सेक्टर-29 में सुनसान जगह पर ले गया। वहां जाकर उसने उसका गला दबाकर हत्या कर दी और लाश पर मिट्टी डाल दी।



