Bilkul Sateek News
अंबाला, 30 दिसंबर। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने एक बार फिर से पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार बार-बार सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के बावजूद काम नहीं कर रही और उन्हें लगता है कि राजनीतिक कारणों की वजह से ये काम नहीं कर रहे हैं और ये बस अनहोनी होने का इंतजार कर रहे हैं’’।
मीडिया कर्मियों के सवालों का जवाब दे रहे विज से आज जब यह पूछा गया कि किसान नेता ने कल देर रात किसानों से भारी संख्या में खनौरी बॉर्डर पहुंचने का आह्वान किया और कहा कि पंजाब सरकार किसी भी वक्त हमला कर सकती है। इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए विज ने कहा कि ‘‘किसान आंदोलन कर रहे हैं और अपने आंदोलन को कायम रखने के लिए उन्होंने ऐसा कहा होगा’’।
कांग्रेस एक बार फिर से 3 जनवरी से जय बापू, जय भीम, जय संविधान अभियान की शुरुआत करने जा रही है, के संबंध में पूछे गए सवाल के जवाब में विज ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने सदा ही संविधान का अपमान किया है। इन्होंने (कांग्रेस) चुनी हुई सरकारों पर धारा 356 लगा लगाकर न जाने कितनी बार ये सब किया है। इन्होंने (कांग्रेस) रातों-रात इमरजेंसी लगाकर लगभग डेढ़ लाख लोगों को गिरफ्तार कर लिया था’’।
उन्होंने कहा कि ‘‘बाबा साहेब अंबेडकर ने जो संविधान बनाया था, उसमें धर्मनिरपेक्ष शब्द नहीं था, लेकिन इन्होंने (कांग्रेस) वह सब बदल दिया और उसमें यह शब्द डाल दिए। अभी ये (कांग्रेस) अपने पापों को छुपाने के लिए ऐसे अभियान चला रहे है।



