पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा ने ACP श्री सुखबीर को दी बधाई
Bilkul Sateek News
गुरुग्राम, 26 जनवरी। गुरुग्राम पुलिस के लिए यह अत्यन्त गौरव का विषय है कि जिले में कार्यरत सहायक पुलिस आयुक्त सुखबीर सिंह हरियाणा पुलिस सेवा (HPS) को उनके अनुकरणीय, निष्ठावान एवं उत्कृष्ट पुलिस सेवाओं के लिए गणतंत्र दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति द्वारा पुलिस मेडल से सम्मानित करने के लिए चयनित किया गया।
यह सम्मान ACP सुखबीर सिंह के पुलिस सेवा के दौरान प्रदर्शित कर्तव्यनिष्ठा, नेतृत्व क्षमता, जनसेवा के प्रति समर्पण तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में इनके उल्लेखनीय योगदान का प्रत्यक्ष प्रमाण है। इन्होंने अपने लगभग तीन दशक लंबे सेवाकाल में अनेक चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में उत्कृष्ट कार्य करते हुए पुलिस विभाग की गरिमा को सदैव ऊँचा रखा है।
सुखबीर सिंह का जन्म 26 दिसंबर 1971 को गांव जाटवास जिला महेन्द्रगढ़ में हुआ। इन्होंने अपनी सरकारी कॉलेज भिवानी से स्नातक की डिग्री हासिल की। प्रारंभ से ही वे अनुशासन, परिश्रम एवं समाज सेवा की भावना से ओत-प्रोत रहे, जिसने इन्हें पुलिस सेवा जैसे जिम्मेदार क्षेत्र की ओर प्रेरित किया।
सुखबीर सिंह ने 9 सितंबर 1993 को हरियाणा पुलिस में सहायक उप-निरीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं प्रारंभ की। अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी एवं पेशेवर दक्षता के बल पर इन्होंने जिला सिरसा, भिवानी, फरीदाबाद, पलवल, मेवात (नूंह) में सेवाएं दीं और मई-2023 से गुरुग्राम में सेवारत हैं। इन सभी तैनातियों के दौरान इन्होंने अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग तथा संवेदनशील मामलों के प्रभावी समाधान में अहम भूमिका निभाई।
उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के परिणामस्वरूप वर्ष-2007 में निरीक्षक तथा वर्ष-2012 में इन्हें उप-पुलिस अधीक्षक के पद पर पदोन्नति किया गया। वर्तमान में ये सहायक पुलिस आयुक्त ओल्ड गुरुग्राम के रूप में कार्यरत हैं और जिले की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
पुलिस मेडल जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा जाना न केवल सुखबीर सिंह की व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि यह हरियाणा पुलिस एवं गुरुग्राम पुलिस बल के लिए भी गर्व का क्षण है। यह सम्मान युवा पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा तथा सेवा, साहस और समर्पण की भावना को और अधिक सशक्त करेगा। गुरुग्राम पुलिस परिवार ने सुखबीर सिंह को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



