Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
पेयजल और सीवरेज कनेक्शन प्रक्रिया में गुरुग्राम बना प्रदेश का पहला निगम
सिर्फ प्रॉपर्टी आईडी और पहचान पत्र से मिलेगा कनेक्शन, एमसीजी ने शुरू किया डिजिटल मॉड्यूल
गुरुग्राम, 25 फरवरी। पेयजल एवं सीवरेज कनेक्शन की जटिल और समय लेने वाली प्रक्रिया को आसान बनाते हुए नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) ने एक नई डिजिटल व्यवस्था लागू की है। इसके साथ ही गुरुग्राम प्रदेश का पहला ऐसा नगर निगम बन गया है, जिसने कनेक्शन प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन और सरल बना दिया है।

एमसीजी द्वारा विकसित यह नया मॉड्यूल निगम की आधिकारिक वेबसाइट www.mcg.gov.in पर उपलब्ध है। अब नागरिक घर बैठे ही आवेदन कर सकेंगे।
नई व्यवस्था के तहत आवेदकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। केवल प्रॉपर्टी आईडी और पहचान प्रमाण पत्र जैसे आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र के आधार पर पेयजल और सीवरेज कनेक्शन के लिए आवेदन किया जा सकेगा। इससे प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और नागरिकों के लिए अधिक सुविधाजनक हो जाएगी।
बिल भुगतान की अंतिम तिथि 8 मार्च तक बढ़ी
नए मॉड्यूल के लागू होने के दौरान उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने पानी के बिल भुगतान की अंतिम तिथि बढ़ाकर 8 मार्च कर दी है। इससे उपभोक्ताओं को विलंब शुल्क से राहत मिलेगी और वे नए सिस्टम के अनुसार अपने कनेक्शन आसानी से लिंक कर सकेंगे।
पारदर्शिता और डिजिटल सेवाओं की दिशा में अहम कदम
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि निगम का उद्देश्य अधिकतम सेवाओं को ऑनलाइन उपलब्ध कराना और प्रक्रियाओं को सरल बनाना है। उनके अनुसार, यह नया मॉड्यूल पेयजल एवं सीवरेज सेवाओं को अधिक पारदर्शी, समयबद्ध और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाएगा। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे समय रहते अपने कनेक्शन लिंक करें और नई सुविधा का लाभ उठाएं।
डिजिटल गुरुग्राम की ओर एक और पहल
मेयर राजरानी मल्होत्रा ने कहा कि यह कदम प्रशासनिक दक्षता को बढ़ाएगा और अनावश्यक देरी को कम करेगा। साथ ही, डेटा का केंद्रीकरण भविष्य में स्मार्ट सिटी सेवाओं के विस्तार के लिए भी आधार तैयार करेगा।




