Bilkil Sateek news
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में भ्रष्टाचार पर एसीबी का शिकंजा: नगर निगम का हेल्पर 40 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
गुरुग्राम में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने नगर निगम के एक कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी नगर निगम में हेल्पर के पद पर कार्यरत है और एक व्यक्ति से घर के निर्माण कार्य को न रुकवाने के बदले पैसे मांग रहा था।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि नगर निगम का हेल्पर कपिल कुमार उससे अवैध निर्माण की कार्रवाई न करवाने के बदले 50 हजार रुपये की मांग कर रहा है। कई दौर की बातचीत के बाद यह सौदा 40 हजार रुपये में तय हुआ।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी गुरुग्राम की टीम ने मामले की पुष्टि करते हुए एक ट्रैप ऑपरेशन की योजना बनाई। शिकायतकर्ता को तय रकम देकर आरोपी के पास भेजा गया। जैसे ही कपिल कुमार ने 40 हजार रुपये की रिश्वत ली, एसीबी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे नगर निगम कार्यालय के बाहर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से रिश्वत की पूरी रकम बरामद कर ली गई। आरोपी की पहचान कपिल कुमार निवासी गांव पलड़ा, थाना बादशाहपुर के रूप में हुई है।
इस मामले में एसीबी थाना गुरुग्राम में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 सहित अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में कोई अन्य कर्मचारी भी शामिल तो नहीं है। एसीबी अधिकारियों का कहना है कि भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार निगरानी रखी जा रही है और शिकायत मिलने पर तुरंत सख्त कार्रवाई की जा रही है।




