Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Auhtor: Pardeep Narula
गुरुग्राम: शहर में सड़क पर तलवारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने की कोशिश करने वाले दो युवकों को पुलिस ने धर दबोचा। सेक्टर-10ए थाना पुलिस ने एक काली थार गाड़ी से चार तलवारें और एक खुखरी बरामद की है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस टीम नियमित क्राइम पेट्रोलिंग पर थी, तभी कंट्रोल रूम से संदेश मिला कि कादीपुर और सेक्टर-10ए के आसपास एक थार में सवार दो युवक खतरनाक तरीके से गाड़ी चलाते हुए तलवारें लहरा रहे हैं। सड़क पर मौजूद लोगों को इससे खतरा हो सकता था।

पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा
सूचना मिलते ही पुलिस ने हिमगिरी चौक के पास नाकाबंदी कर दी और आने-जाने वाले वाहनों की जांच शुरू कर दी। थोड़ी देर बाद बिना नंबर प्लेट की काले रंग की थार तेज गति से आती दिखी।
पुलिस के रुकने के इशारे पर चालक ने गाड़ी मोड़कर निकलने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने तुरंत घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया।
तलाशी में सामने आया मामला
वाहन की जांच के दौरान पुलिस को अंदर से चार तलवारें और एक खुखरी मिली। पुलिस के अनुसार तलवारों की लंबाई करीब ढाई से तीन फुट के बीच है, जबकि खुखरी करीब सात इंच लंबी बताई गई है।
दोनों युवक स्थानीय निवासी
पूछताछ में आरोपियों की पहचान तरुण यादव और तुषार शर्मा के रूप में हुई है। दोनों गुरुग्राम के सेक्टर-10ए इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
बिना लाइसेंस हथियार रखने का केस
पुलिस जब्त किए गए हथियारों के संबंध में लाइसेंस मांगने पर आरोपी कोई वैध अनुमति पत्र नहीं दिखा सके। इसके बाद पुलिस ने हथियार कब्जे में लेकर दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं, आर्म्स एक्ट और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया। फिलहाल पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी इन हथियारों को लेकर सड़कों पर क्यों घूम रहे थे।




