Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के सेक्टर-16 क्षेत्र में रुपयों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में 17 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 10 मार्च 2026 को सिविल लाइन्स थाना पुलिस को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि सेक्टर-16 के पास एक युवक को चाकू मार दिया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां पता चला कि घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया है। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान केशव (17 वर्ष) निवासी गांव बड़ा बैजपुर, जिला पलवल के रूप में हुई। शिकायत में मृतक की मां ने बताया कि केशव कुछ समय पहले सेक्टर-16 स्थित एक कार शोरूम में काम करता था, जहां उसकी पहचान मानू नाम के युवक से हुई थी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि केशव के दोस्त धीरज ने दिसंबर 2025 में आरोपी मानू से 3000 रुपये उधार लिए थे। आरोपी लगातार पैसे वापस मांग रहा था। इसी बात को लेकर केशव और मानू के बीच कई बार कहासुनी हुई थी।
घटना वाले दिन भी दोनों के बीच फोन पर बहस हुई, जिसके बाद केशव सेक्टर-16 स्थित मानू के कार्यस्थल के पास पहुंच गया। यहां दोनों के बीच झगड़ा हो गया और आरोपी ने चाकू से केशव पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल केशव को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मानू (24 वर्ष) निवासी शीतला कॉलोनी, गुरुग्राम को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।




