Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम के सेक्टर-5 इलाके में रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक होटल में दिल दहला देने वाली हत्या का मामला सामने आया है। झारखंड के धनबाद निवासी 41 वर्षीय आनंद गोस्वामी की बेरहमी से मारपीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, 11 मार्च को सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन के पास स्थित बसंत होटल के एक कमरे में एक व्यक्ति खून से लथपथ पड़ा है। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो देखा कि व्यक्ति की मौत हो चुकी थी। बाद में उसकी पहचान आनंद गोस्वामी के रूप में हुई, जो काम की तलाश में गुरुग्राम आए थे और 8 मार्च से होटल में ठहरे हुए थे।

मामले की शिकायत मृतक के जीजा ने दर्ज करवाई। जांच में सामने आया कि होटल में सफाई का काम करने वाला इंद्रजीत और उसका साथी अरविंद कुमार उर्फ संजू इस वारदात में शामिल थे।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी इंद्रजीत को अपनी बहन की शादी के लिए पैसों की जरूरत थी। उसने देखा था कि आनंद शराब पीने के आदी हैं। 10-11 मार्च की रात जब आनंद शराब पीकर अपने कमरे में सो गए तो इंद्रजीत उनका मोबाइल फोन लेकर पैसे ट्रांसफर करने की कोशिश करने लगा।
कुछ देर बाद आनंद को होश आया और वह अपना फोन ढूंढते हुए नीचे आए। जब उन्होंने अपना फोन इंद्रजीत के पास देखा और वापस मांगा, तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि इंद्रजीत और अरविंद दोनों आनंद के कमरे में गए और उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मारपीट में लगी गंभीर चोटों के कारण आनंद की मौके पर ही मौत हो गई।
गुरुग्राम पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और मामले की जांच जारी है।




