Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम, 25 मार्च 2026: पालम विहार थाना पुलिस ने ब्लैकमेलिंग और एक्सटॉर्शन के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ₹1 लाख नकद और एक बैग बरामद किया गया है। पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2020 में उसकी मुलाकात एक योगा टीचर राकेश शर्मा से हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ने के बाद उनके बीच संबंध बने। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने पीड़िता के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो बना लिए।
पीड़िता के अनुसार, वर्ष 2023 में आरोपी द्वारा ब्लैकमेल कर उससे ₹3 लाख वसूले गए थे। इसके बावजूद मार्च 2026 में फिर से ₹15 लाख की मांग की गई और धमकी दी गई कि पैसे नहीं देने पर वीडियो और फोटो परिवार व जानकारों को भेज दिए जाएंगे।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने 20 मार्च 2026 को मामला दर्ज कर जांच शुरू की और एक योजना के तहत रेडिंग टीम गठित की। 21 मार्च को देवीलाल पार्क पार्किंग, पालम विहार में पैसे लेने आने की सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। इस दौरान एक महिला को गिरफ्तार किया गया, जिसने अपनी पहचान नीतू शर्मा निवासी पालम विहार के रूप में बताई। तलाशी में उसके पास से ₹1 लाख नकद (₹500 के नोट) और कुछ दस्तावेज बरामद हुए।
जांच में सामने आया कि आरोपी महिला और उसका पति मिलकर पीड़िता को ब्लैकमेल कर रहे थे। दोनों ने मिलकर आपत्तिजनक वीडियो बनाकर पैसों की मांग की थी।
गिरफ्तार आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड के बाद अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




