Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
हरियाणा के गुरुग्राम में बुधवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नामी स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला। यह मेल स्कूल की आधिकारिक आईडी पर भेजा गया था। धमकी मिलने के तुरंत बाद Pathways World School प्रशासन ने बिना देरी किए सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया और बच्चों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया। स्कूल परिसर में बाहरी एंट्री भी पूरी तरह रोक दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस, बम डिस्पोजल स्क्वाड और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंच गई। DLF Phase-1 Police Station के एसएचओ मनोज कुमार के अनुसार, पूरे कैंपस में गहन सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें क्लासरूम, लाइब्रेरी और अन्य हिस्सों की जांच की गई। यह धमकी भरा ईमेल रात करीब 1:30 बजे भेजा गया था, जिसे सुबह 8:30 बजे स्कूल प्रशासन ने देखा। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई और करीब 8:45 बजे तक पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सुबह करीब 10:30 बजे सभी छात्रों की छुट्टी कर दी गई। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। स्कूल में करीब 2000 छात्र पढ़ते हैं।
स्कूल प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जांच पूरी होने के बाद ही स्कूल को दोबारा खोला जाएगा।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
पिछले कुछ महीनों में गुरुग्राम के कई स्कूलों को इसी तरह ईमेल या कॉल के जरिए बम धमकियां मिल चुकी हैं, जो बाद में फर्जी साबित हुई थीं।
एक दिन पहले ही हुआ था बड़ा खुलासा
इससे पहले हरियाणा के 20 स्कूलों को धमकी देने के मामले में पुलिस ने एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया था। आरोपी की पहचान सौरभ विश्वास उर्फ माइकल (30) के रूप में हुई ।




