Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में स्वच्छता कार्यों में लापरवाही को लेकर नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने सीवर सफाई के दौरान सुरक्षा नियमों की अनदेखी पाए जाने पर जूनियर इंजीनियर राहुल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

यह कार्रवाई सेक्टर-10ए में सामने आए एक मामले के बाद की गई, जहां जांच में पाया गया कि निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया था। इसे गंभीर कर्तव्य लापरवाही और अनुशासनहीनता माना गया।
नगर निगम द्वारा पहले ही 29 जनवरी को सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए गए थे कि सीवर सफाई के दौरान कानून और सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। इसमें पीपीई किट का उपयोग, गैस जांच, वेंटिलेशन और प्री-एंट्री सेफ्टी प्रक्रिया को अनिवार्य किया गया था। साथ ही, मैनुअल स्कैवेंजिंग पर पूरी तरह प्रतिबंध और मशीनों के जरिए सफाई पर जोर दिया गया था।
इसके बावजूद नियमों की अनदेखी सामने आने पर निगम ने यह सख्त कदम उठाया। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में संबंधित कार्यकारी अभियंता, सहायक अभियंता और ठेकेदार के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।
निलंबन अवधि के दौरान जेई राहुल का मुख्यालय चीफ इंजीनियर कार्यालय निर्धारित किया गया है और उन्हें बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने की अनुमति नहीं होगी।
नगर निगम आयुक्त ने चेतावनी दी है कि भविष्य में स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या प्रतिबंधित गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसी घटनाओं पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।




