Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
चंडीगढ़, 25 मार्च 2026: हरियाणा के लाखों बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग (एचईआरसी) ने वित्त वर्ष 2026–27 के लिए बिजली दरों को यथावत रखने का फैसला किया है। इस निर्णय से राज्य के करीब 83.79 लाख उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। नया टैरिफ 1 अप्रैल 2026 से लागू होगा।

यह फैसला उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएनएल) और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएनएल) की वार्षिक राजस्व आवश्यकता (ARR) याचिकाओं पर विस्तृत सुनवाई के बाद लिया गया। उल्लेखनीय है कि दोनों डिस्कॉम्स ने लगभग 4,484.71 करोड़ रुपये के राजस्व घाटे का अनुमान जताया था, इसके बावजूद आयोग ने उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ नहीं डालने का निर्णय लिया।
जनसुनवाई के दौरान सभी वर्गों के उपभोक्ताओं ने बिजली दरें न बढ़ाने की मांग की थी। आयोग ने इसे ध्यान में रखते हुए राजस्व संग्रह में सुधार, बकाया प्रबंधन, बिजली खरीद में अनुकूलन और हानियों में कमी पर जोर दिया है।
एचईआरसी के अध्यक्ष नन्द लाल शर्मा और सदस्य मुकेश गर्ग व शिव कुमार ने 25 मार्च को टैरिफ आदेश पर हस्ताक्षर किए। इससे पहले पंचकूला, गुरुग्राम, पानीपत, हिसार और यमुनानगर में जनसुनवाई और फील्ड हियरिंग्स आयोजित की गई थीं।
प्रमुख फैसले और निर्देश:
बिजली दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं, डिस्कॉम्स के लिए दक्षता बढ़ाने के निर्देश, हरियाणा पावर परचेज सेंटर (HPPC) के सुदृढ़ीकरण पर जोर, डिमांड साइड मैनेजमेंट (DSM) लागू करने की सलाह, वितरण नुकसान (AT&C Loss) कम करने के लिए फीडर स्तर पर फोकस
किसानों को बड़ी राहत:
कृषि क्षेत्र के लिए 7,870.32 करोड़ रुपये की सब्सिडी तय की गई है। किसानों को 7.48 रुपये प्रति यूनिट की वास्तविक लागत के मुकाबले सिर्फ 0.10 रुपये प्रति यूनिट का भुगतान करना होगा। साथ ही, 10 बीएचपी तक के ट्यूबवेल कनेक्शन वाले किसानों को 31 मई 2026 तक अपने लोड में वृद्धि करने का एकमुश्त अवसर दिया गया है।
EV और स्मार्ट मीटर पर फोकस:
पंचकूला, फरीदाबाद, पानीपत, करनाल और गुरुग्राम में EV चार्जिंग स्टेशन स्थापित होंगे। प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपयोगकर्ताओं को 5% की छूट। टाइम ऑफ डे (TOD) टैरिफ में सुधार के लिए नया प्रस्ताव मांगा गया।




