Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम में साइबर ठगों ने अब लोगों को फंसाने के लिए मशहूर हस्तियों की पहचान का सहारा लेना शुरू कर दिया है। ताजा मामले में एक रिटायर्ड फौजी को शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लाखों रुपए का चूना लगाया गया।

पीड़ित विजयपाल यादव, जो टिकली गांव के निवासी हैं, ने पुलिस को बताया कि वे फेसबुक ब्राउज़ कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक आकर्षक विज्ञापन दिखा, जिसमें क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया था। विज्ञापन में दावा किया गया था कि तेल कंपनियों के शेयरों में निवेश कर कम समय में पैसा दोगुना किया जा सकता है। इस विज्ञापन के साथ एक विदेशी व्हाट्सएप नंबर भी दिया गया था, जिस पर संपर्क करने के बाद ठगों ने उन्हें बड़े मुनाफे का भरोसा दिलाया।
तीन चरणों में हुई ठगी
ठगों ने भरोसा जीतने के लिए पहले छोटी रकम निवेश करवाकर कली मुनाफा दिखाया।
पहला ट्रांजेक्शन (20 जनवरी 2026):
पीड़ित ने 17 हजार रुपए ट्रांसफर किए। कुछ ही देर में उन्हें मैसेज मिला कि उनकी रकम बढ़कर 51 हजार हो गई है।
दूसरा ट्रांजेक्शन (28 जनवरी 2026):
ज्यादा रिटर्न का लालच देकर उनसे 5 लाख रुपए RTGS के जरिए जमा करवा लिए गए।
तीसरा ट्रांजेक्शन (29 जनवरी 2026):
20 लाख रुपए तक का रिटर्न देने का दावा करते हुए ठगों ने उनसे 3.5 लाख रुपए और ले लिए।
इस तरह कुल 8.67 लाख रुपए ठगों के खाते में पहुंच गए।
सच सामने आया जब पैसे मांगे
जब विजयपाल ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने और पैसे जमा करने की शर्त रख दी। यहीं से उन्हें शक हुआ और आखिरकार उन्होंने शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित ने गृह मंत्रालय के NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद साइबर साउथ थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उन बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की जांच कर रही है, जिनका इस्तेमाल इस धोखाधड़ी में हुआ।



