Bilkul Sateek News
Reporter: Pardeep Narula
Author: Pardeep Narula
गुरुग्राम। शहर को अतिक्रमण मुक्त और व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम गुरुग्राम (एमसीजी) ने शुक्रवार को अवैध रेहड़ियों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। सीएमओ टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में सुबह से देर शाम तक शहर के विभिन्न मेट्रो स्टेशनों पर निरीक्षण और सख्ती देखने को मिली।

अभियान के दौरान एमजी रोड और इफको चौक मेट्रो स्टेशन को विशेष रूप से चिन्हित किया गया। सुबह द्रोणाचार्य मेट्रो स्टेशन के पास करीब डेढ़ दर्जन अवैध रेहड़ियों को जब्त किया गया। वहीं शाम के समय इफको चौक मेट्रो स्टेशन के आसपास लगभग 20 स्थानों पर लगी रेहड़ियों को हटाते हुए कार्रवाई की गई।
अधिकारियों के अनुसार, इन इलाकों में लंबे समय से नियमों की अनदेखी कर अवैध रूप से रेहड़ियां संचालित की जा रही थीं, जिससे यातायात बाधित हो रहा था और आम नागरिकों को परेशानी हो रही थी।
कार्रवाई के दौरान केवल रेहड़ियां हटाने तक सीमित न रहते हुए, रेहड़ी संचालकों का विवरण भी दर्ज किया गया। निगम का कहना है कि भविष्य में दोबारा नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एमसीजी ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों पर अवैध कब्जे को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। यह मुहिम शहर को साफ-सुथरा, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।




