Bilkul Sateek News
Reporter: Sonu Rana
Author: Sonu Rana
नई दिल्ली।
साउथ-वेस्ट जिले की पुलिस ने ऑपरेशन साइ-हॉक-4 के तहत साइबर ठगो के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इस अभियान में 57 मामलों में 113 आरोपी गिरफ्तार किए गए। 303 शिकायतों को म्यूल अकाउंट्स और मोबाइल नेटवर्क से सफलतापूर्वक जोड़ा गया। जांच में 22 करोड़ रुपये से ज्यादा की ठगी की शिकायतें इन गिरोहों से जुड़ी पाई गईं। पुलिस ने 17 लाख की राशि पर रोक लगाई। इसके अलावा 488 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया और 164 व्यक्तियों को नोटिस जारी किए गए। इसके अलावा 23 नए केस भी दर्ज किए गए।

साउथ वेस्ट जिला डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि पुलिस ने दो ऑपरेशन चलाकर दो सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया। पहले सिंडिकेट में गिरोह ने कनाडा में रह रहे भारतीयों को सस्ते एयर टिकट का लालच देकर ठगा। पुलिस ने इसके मास्टर माइंड को गिरफ्तार किया। मास्टरमाइंड मृदुल जोशी पटेल नगर का रहने वाला है और पुलिस ने उसके पास से 47 लाख रुपये नकदी, 1 मर्सिडीज एस-क्लास कार, लैपटॉप और मोबाइल बरामद किए हैं। मुंबई और गोवा से भी छापेमारी कर म्यूल अकाउंट सप्लायर हिमांशु अनिल शर्मा समेत अन्य आरोपियों को पकड़ा गया।
पाकिस्तान व बांग्लादेश के नंबर से मिलती थी धमकी
वहीं दूसरे ऑपरेशन में फेक लोन ऐप फ्रॉड सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया गया। इसमें एप के जरिये लोन लेने पर आरोपी लोगों के मोबाइल का सारा डेटा अपने पास कॉपी कर लेते थे। बाद में उनके फोटो का गलत इस्तेमाल कर उनसे पैसे ठगे जाते थे। कापसहेड़ा इलाके में एक बैंक अकाउंट में इसका पैसा मंगवाया जाता था। फिर इसे क्रिप्टो करंसी में कनवर्ट कर दिया जाता था। इस मामले में जांच में नेहाल बाबू समेत 6 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। पाकिस्तान और बांग्लादेश के वर्चुअल नंबर्स से धमकियां दी जाती थीं।
आरोपियों के पास से मर्सिडीज कार भी हुई बरामद
47 लाख 79 हजार रुपये नकदी
1 मर्सिडीज एस-क्लास कार
6 लैपटॉप
85 मोबाइल फोन
135 म्यूल सिम कार्ड
42 डेबिट कार्ड
11 पासबुक
1 वाईफाई राउटर
1 पैन कार्ड




